मंगलवार, 16 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
Written By भाषा
Last Updated :क्योटो , सोमवार, 1 सितम्बर 2014 (20:51 IST)

भारतीय आदिवासियों की बीमारी का इलाज जापान में...

भारतीय आदिवासियों की बीमारी का इलाज जापान में... -
क्योटो। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा भारत में आमतौर पर आदिवासियों में पाई जाने वाली सिकल सेल एनीमिया बीमारी का उपचार ढूंढने में मदद मांगे जाने के बाद जापान रविवार को इस दिशा में भारत के साथ मिलकर काम करने पर सहमत हो गया।
PIB

मोदी तब से इस बीमारी का उपचार ढूंढने के लिए काम कर रहे हैं, जब वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे। उन्होंने क्योटो यूनिवर्सिटी के दौरे में इस मुद्दे पर औषधि क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार विजेता (2012) एस. यामानका से चर्चा की।

सिकल सेल एनीमिया एक जानलेवा बीमारी है और भारत में आमतौर पर आदिवासी इस बीमारी के शिकार अधिक होते हैं।

अपनी जापान यात्रा के दूसरे दिन मोदी ने स्टेम सेल अनुंसधान केंद्र के दौरे में इस मुद्दे को उठाया और चर्चा की कि क्या जापान इस संबंध में मदद कर सकता है?

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरुद्दीन ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सिकल सेल एनीमिया बीमारी का इलाज ईजाद करने में सहयोग की संभावना पर चर्चा की। सूत्रों ने बताया कि जापानी पक्ष ने कहा कि वह संयुक्त रूप से उपचार ढूंढ़ने में भारत के साथ काम करेगा।

उन्होंने कहा कि मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तभी से वे इस दिशा में प्रयास कर रहे हैं कि क्या इस बीमारी का कोई उपचार खोजा जा सकता है? लेकिन वे असहाय रहे, क्योंकि अब तक इसका कोई इलाज ईजाद नहीं किया जा सका है।

अगले पन्ने पर... क्या होता है सिकल सेल एनीमिया...


सिकल सेल एनीमिया एक गंभीर बीमारी है जिसमें शरीर में दरांती के आकार जैसी अर्थात अर्धचंद्राकार लाल रक्त कोशिकाएं बनने लगती हैं।

सामान्य लाल रक्त कोशिकाएं डिस्क के आकार जैसी होती हैं और केंद्र में बिना छिद्रों के छल्ले जैसी दिखाई देती हैं। वे रक्त वाहिकाओं में सुगमता से संचार करती हैं।

लाल रक्त कोशिकाओं में आयरन प्रचुर प्रोटीन होता है जिसे हीमोग्लोबिन कहा जाता है। यह प्रोटीन ऑक्सीजन को फेफड़ों से शेष शरीर में पहुंचाता है। (भाषा)