गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. अंतरराष्ट्रीय
Written By भाषा
Last Modified: सिडनी , बुधवार, 17 जुलाई 2013 (15:38 IST)

ऑस्ट्रेलिया के पास पलटी शरणार्थियों से भरी नाव

ऑस्ट्रेलिया के पास पलटी शरणार्थियों से भरी नाव -
सिडनी। लगभग 150 शरणार्थियों को ले जा रही एक नाव हिंद महासागर में पलट जाने से इसमें सवार पुरुष, महिलाएं और बच्चे पानी में गिर गए और 4 लोगों की मौत हो गई।

गृहमंत्री जेसन क्लेयर ने बताया कि यह नाव मंगलवार को क्रिसमस द्वीप से 125 किलोमीटर उत्तर में समुद्र में पलटी। यह ऑस्ट्रेलियाई द्वीप इंडोनेशिया के जकार्ता से 500 किलोमीटर दक्षिण की ओर है।

ऑस्ट्रेलिया के सीमा सुरक्षा कमांड के कमांडर डेविड जॉनस्टन ने बताया कि इससे पहले दिन में नाव की मदद के लिए नौसेना के दो जहाज भेजे गए थे लेकिन 4-4 मीटर ऊंची उठती लहरों के कारण बचाव दल उनकी कोई मदद नहीं कर सका।

क्लेयर ने कहा कि नौसेना के जहाजों ने इस नाव को क्रिसमस द्वीप तक ले जाना शुरू कर दिया। इस द्वीप पर ऑस्ट्रेलिया शरणार्थियों के लिए हिरासत केंद्र चलाता है।

कुछ घंटे की यात्रा के बाद नाव झुकने लगी और कुछ यात्रियों ने पानी में कूदना शुरू कर दिया। थोड़ी ही देर बाद नाव चक्कर खाकर पलट गई। अधिकारी नहीं जानते कि नाव के पलटने का कारण क्या था।

बचावकर्मियों ने जीवनरक्षक नौकाएं पानी में फेंकीं और 144 लोगों को सुरक्षित बचा लिया। मंगलवार रात खोज अभियान खत्म करने तक 2 महिलाओं और 2 पुरुषों के शव बरामद किए गए।

जॉनस्टन ने कहा कि बचाए गए लोग अफगानिस्तान, पाकिस्तान, ईरान और इराक के हैं तथा उन्हें क्रिसमस द्वीप पर ले जाया गाय। इनके साथ इंडोनेशिया के चालक दल के 3 सदस्य भी थे। नाव पर सवार लोगों में कई नवजात शिशु और बच्चे भी थे।

जॉनस्टन ने कहा कि नाव पलटने या किसी मुश्किल में फंसने की खबर बेहद भयावह अनुभव है। मंगलवार को मुश्किल परिस्थितियों में 144 लोगों को बचाने का वाकई असाधारण काम किया गया।

सीमा शुल्क अधिकारियों के आकलन के अनुसार नाव पर 150 यात्री थे। वे नाव पर सवार लोगों की सही संख्या पता लगाने के लिए बचे हुए लोगों से पूछताछ कर रहे हैं लेकिन और लोगों की खोज अब नहीं की जा रही है।

शरण पाने के इच्छुक लोगों के लिए क्रिसमस द्वीप एक प्रसिद्ध जगह है। ये लोग इंडोनेशियाई बंदरगाह से जर्जर नावों में सवार होते हैं और ऑस्ट्रेलियाई तटों पर पहुंचाने के लिए तस्करों को धन देते हैं। हाल के वर्षों में इस यात्रा की कोशिश में सैकड़ों लोग मारे जा चुके हैं।

पिछले सप्ताह शरणार्थियों को ले जा रही एक अन्य नाव क्रिसमस द्वीप के पास डूब गई थी। अधिकारियों ने एक बच्चे का शव बरामद किया था लेकिन पानी में डूबे 8 अन्य यात्रियों को वे खोज नहीं पाए थे। (भाषा)