शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. एयर एशिया का प्लेन लापता, भारत खोज के लिए तैयार
Written By
Last Updated : सोमवार, 29 दिसंबर 2014 (14:47 IST)

एयर एशिया का प्लेन लापता, भारत खोज के लिए तैयार

एयर एशिया का प्लेन लापता, भारत खोज के लिए तैयार - एयर एशिया का प्लेन लापता, भारत खोज के लिए तैयार
सिंगापुर-जकार्ता-नई दिल्ली। इंडोनेशिया से सिंगापुर जा रहा एयर एशिया का एक विमान रविवार को हवाई यातायात नियंत्रणकर्ताओं से संपर्क टूटने के बाद लापता हो गया। इस विमान में कुल 162 लोग सवार हैं। भारत ने तलाशी अभियान में मदद के लिए तीन जहाज और एक समुद्री निगरानी विमान तैयार रखा है।  खबरों अनुसार विमान के इंडोनेशिया के समुद्र में डूबने की आशंका व्यक्त की जा रही है।

विमान की तलाश में इंडोनेशिया सहित 4 देशों की सेना जुटी हुई है। इंडोनेशियाई राहत एवं बचाव एजेंसी के प्रमुख का दावा है कि विमान समुद्र के तल में हो सकता है और उसे विमान के इमरजेंसी लोकेटर ट्रांसमिटर से कोई सिग्नल नहीं मिला है।
 
इंडोनेशियाई के अलावा मलेशिया, सिंगापुर और ऑस्ट्रेलिया की वायुसेना और नौसेना की टीमें लापता विमान की तलाश में जुटी हुई हैं। भारतीय नौसेना भी इस सर्च ऑपरेशन में मदद के लिए तैयार है। तलाश के काम में मदद के लिए नेवी के 3 जलपोत और एक बोइंग अलर्ट पर रखा गया है।
 
भारतीय नौसेना के सूत्रों ने बताया कि एक जहाज बंगाल की खाड़ी में और एक जहाज अंडमान सागर में तैयार रखा गया है। उसके साथ ही पी-81 विमान को भी तैयार रखा गया है। इस विमान का उपयोग समुद्री निगरानी एवं पनडुब्बी निरोधक अभियान में इस्तेमाल किया जाता है।
 
सूत्रों ने कहा, 'स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इन सुविधाओं को तैयार रखा गया है। जब आदेश होगा उन्हें काम पर लगा दिया जाएगा।'
 
सिंगापुर के एक परिवहन अधिकारी ने बताया कि उड़ान क्यूजेड 8501 का स्थानीय समयानुसार सात बजकर 24 मिनट पर जकार्ता विमान यातायात नियंत्रण कक्ष से संपर्क टूट गया। विमान के लापता होने से ठीक पहले पायलटों ने खराब मौसम के कारण उड़ान की योजना में बदलाव का आग्रह किया था। 
 
सिंगापुर नागर विमानन प्राधिकरण (सीएएएस) ने बताया कि जब विमान का संपर्क टूटा तब वह सिंगापुर जकार्ता एफआईआर सीमा से दक्षिण पूर्व में 200 नॉटिकल मील से अधिक दूरी पर इंडोनेशियाई उड़ान सूचना क्षेत्र में था।
 
उड़ान भरने के 42 मिनट बाद विमान का नियंत्रण कक्ष से संपर्क टूट गया। विमान में कोई भारतीय नहीं था।
 
सिंगापुर नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (सीएएएस) ने कहा कि जिस समय विमान से संपर्क टूटा, उस समय यह इंडोनेशियाई उड़ान सूचना क्षेत्र (एफआईआर) में था और सिंगापुर-जकार्ता की एफआईआर सीमा से 200 समुद्री मील से अधिक दक्षिणपूर्व में था।
 
इंडोनेशिया के अधिकारियों ने सुबह संवाददाताओं से कहा कि विमान में कई घंटे तक उड़ने के लायक ईंधन था। इस बीच एक विमान के सुमात्रा के पूर्वी तट से परे पूर्वी बेलितुंग के जल में दुर्घटनाग्रस्त हो जाने की अपुष्ट खबरें हैं। बहरहाल, विमान की जानकारी अभी नहीं मिल सकी है। दुर्घटनास्थल के स्थान के बारे में सटीक जानकारी नहीं मिली है। 
 
स्थानीय समयानुसार सुबह पांच बजकर बीस मिनट पर विमान ने इंडोनेशिया के सुराबाया से उड़ान भरी और इसे सिंगापुर के चांगी हवाईअड्डे पर सुबह साढ़े आठ बजे उतरना था।
 
उधर, चीन ने कहा है कि वह इस विमान के लापता होने की घटना पर लगातार नजर रखे हुए है। चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने कहा कि चीन इस विमान के यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा को लेकर बहुत चिंतत है तथा उनके परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करता है। 
 
विमान के लापता होने के बाद एयर एशिया ने ट्‍विटर और फेसबुक पर अपने चमकदार लाल रंग के लोगों को बदलते हुए इसे भूरे रंग का कर दिया है।
 
एयर एशिया के फेसबुक पेज पर एक बयान में कहा गया है ‘एयर एशिया इंडोनेशिया बहुत दु:ख के साथ इस बात की पुष्टि करता है कि सुराबाया से सिंगापुर को जाने वाले विमान क्यूजेड8501 का हवाई यातायात नियंत्रक के साथ संपर्क आज सुबह सात बजकर 24 मिनट पर टूट गया।’ 
 
मलेशिया की इस विमानसेवा ने इस बयान में कहा , ‘दुर्भाग्यवश हमें इस समय विमान में सवार यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की मौजूदा स्थिति के बारे में कोई जानकारी नहीं है लेकिन जैसे ही कोई जानकारी आती है, हम सभी पक्षों को उसके बारे में अवगत कराते रहेंगे।’ 
 
यह विमान ए320-200 एयरबस थी और इसकी पंजीकरण संख्या पीके-एएक्ससी थी। बयान में कहा गया, ‘इस समय विमान को खोजने के लिए अभियान जारी हैं और एयर एशिया बचाव कार्यों में अपना पूरा सहयोग कर रही है।’ 
 
स्थानीय मीडिया की खबर के अनुसार, इंडोनेशियाई परिवहन मंत्रालय के अधिकारी हादी मुस्तफा ने कहा कि संपर्क टूटने से पहले विमान ने आम तौर पर अपनाए जाने वाले रास्ते से अलग एक रास्ते के बारे में पूछा था। एयर एशिया ने कहा कि चालक ने खराब मौसम के कारण उड़ान की योजना में ‘परिवर्तन’ का अनुरोध किया था।
 
एयर एशिया ने कहा, ‘विमान, खराब मौसम के कारण मार्ग परिवर्तन का अनुरोध कर रहा था।’ इंडोनेशियाई टीवी की खबर के अनुसार, विमान में सवार लोगों में 149 लोग इंडोनेशियाई, तीन कोरियाई, एक सिंगापुर निवासी, एक ब्रितानी और एक मलेशियाई नागरिक है।
 
इंडोनेशिया ने विमान का पता लगाने में सिंगापुर की ओर से दिए गए प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है। इंडोनेशियाई अधिकारियों ने पंगकल पिनाग सर्च एंड रेस्क्यू के कार्यालय से खोज और बचाव अभियान शुरू कर दिए हैं। सीएएएस और चांगी हवाईअड्डा समूह संकट प्रबंधन केंद्रों को पहले ही सक्रिय किया जा चुका है। 
 
बयान में कहा गया, ‘हम विमान सेवा की संकट प्रबंधन टीम के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।’ एयर एशिया समूह के प्रमुख कार्यकारी अधिकारी टोनी फर्नांडीज ने कंपनी से हिम्मत रखने को कहा है।
 
भारतीय मूल के फर्नांडीज ने ट्‍वीट किया, ‘आप सभी की संवेदनाओं और प्रार्थनाओं के लिए शुक्रिया। हमें मजबूत बने रहना है।’ फर्नांडीज ने इस किफायती विमानसेवा का परिचालन शुरू किया था, जो अब कई देशों की यात्रा करवाती है। मलेशिया ने खोज अभियान में मदद की पेशकश भी की है।
 
एयर एशिया इस क्षेत्र में एक किफायती विमानसेवा के तौर पर काफी लोकप्रिय है। यह लगभग 100 स्थानों की यात्रा करती है और कई एशियाई देशों में इसकी सहायक कंपनियां हैं। एयर एशिया के संपर्क टूटने की इस घटना से लगभग 10 माह पहले मलेशियाई एयरलाइन्स का विमान एमएच 370 लापता हो गया था। वह विमान आठ मार्च को दक्षिणपूर्वी एशिया पर रडार के क्षेत्र से बाहर चला गया था।
 
खोजकर्ताओं को अभी तक एमएच 370 का कोई मलबा नहीं मिला है। अधिकारियों का मानना है कि वह विमान दक्षिणी हिंद महासागर में दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। इस साल जुलाई में मलेशिया के एक और विमान एमएच 17 को यूक्रेन की सीमा के उपर मार गिराया गया था जिसमें 298 लोग मारे गए थे। (भाषा)