गुरुवार, 18 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. world developed 10 city
Written By
Last Updated : सोमवार, 12 अक्टूबर 2015 (15:56 IST)

10 शहर, जो दुनिया में विकास का पर्याय हैं

10 शहर, जो दुनिया में विकास का पर्याय हैं - world developed 10 city
विश्व के दस तेजी से विकसित होने वाले महानगरों में दुनिया की केवल बीस फीसदी  आबादी रहती है लेकिन आपको यह जानकार आश्चर्य होगा कि दुनिया के दस बडे  महानगरों की अर्थव्यवस्था इतनी बड़ी है कि यह दुनिया के कई छोटे देशों से भी अधिक  बड़ी है। आर्थिक प्रदर्शन सूचकांक की दृष्टि से इन शहरों को रोजगार, जीडीपी, प्रति व्यक्ति  आय के मानकों पर परखा जाए तो हमें पता चलेगा कि ये शहर कितनी तेजी से  गतिशील हैं और इस दृष्टि से हमारे देशों की हालत क्या है। उल्लेखनीय है कि सर्वाधिक  तेजी से विकसित होने वाले इन शहरों में ज्यादातर चीन, तुर्की या मध्यपूर्व के हैं।
 
पर कैपिटा जीडीपी : किसी देश के आर्थिक प्रदर्शन को मापने का साधन है जिसके तहत किसी देश के समूचे उत्पादन को मापा जाता है। इसके लिए सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) को देश में रहने  वाले नागरिकों की संख्या से भाग दिया जाता है। इस प्रकार जो संख्या आती है, उसे पर  कैपिटा जीडीपी कहा जाता है। इससे जरिए विभिन्न देशों के प्रदर्शन को मापने में मदद‍ मिलती है। 
10. फूजू (चीन)  : चीन का फूजू शहर इस सूची में दसवे नंबर पर है। इस शहर की आबादी 6,618,900 है  और यहां रोजगार की दर 2.7 प्रतिशत है। इस शहर में प्रति व्यक्ति वृद्धि की दर जीडीपी  (सकल घरेलू उत्पाद) 8.0 प्रतिशत है। यह शहर चीन ने फूजियान प्रांत की राजधानी है  और चीन के पूर्वी समुद्री किनारे पर स्थित है। इस शहर की अर्थव्यवस्था में अधिकतर  योगदान रसायनों, खाद्य पदार्थों और वस्त्र निर्माण का है लेकिन वर्ष 2014 के दौरान  सबसे ज्यादा तेजी कारोबार, वित्तीय और पेशेवर सेवाओं में देखी गई। देश में आर्थिक  गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए चीन ने शहर को मुक्त व्यापार क्षेत्र घोषित किया है।
 
 

9. अंकारा (तुर्की) : तुर्की के इस राजधानी शहर की आबादी 4,975,400 है और इस शहर में रोजगार की दर  5.5 फीसदी है। यह देश के चार बड़े शहरों में से पहला ऐसा शहर है जोकि दुनिया के  दस सर्वाधिक गतिशील शहरों में शामिल किया जाता है। महत्वपूर्ण बुनियादी संसाधनों  और निर्माण कार्यों में निवेश के चलते तुर्की के शहर तेजी से विकसित हो रहे हैं। ये  औद्योगिक आधार और ठोस मैक्रोइकॉनॉमिक (वृहत आर्थिक नीतियों) के चलते शहर की  आर्थिक गतिविधियों को देश की अर्थव्यवस्था में अहम बनाने का काम कर रहे हैं।
 
इस शहर का उत्पादन क्षेत्र में सर्वाधिक वार्षिक हिस्सा होता है। इस कारण से रोजगार  का प्रतिशत भी बढ़ा है। यह 4.1 से लेकर 6.8 फीसदी तक है। यह देश की सबसे बड़ी  एयरोस्पेस और रक्षा उत्पादन कं‍पनियों के मुख्‍यालय और उत्पादन संयंत्र भी यहीं हैं।   
 
 

8. शियामन (चीन) : यह चीन का प्रसिद्ध शहर है जिसकी आबादी 3,715,900 है जहां रोजगार की वृद्धि दर  2.6 फीसदी है। इसके साथ ही जीडीपी प्रति व्यक्ति विकास 8.6 प्रतिशत है। फूजियान  प्रांत में फूजू के दक्षिण में स्थित शियामन वर्ष 2000 के बाद से चीन का सबसे तेज  बढ़ता शहर है। वर्ष 1980 में चीन सरकार ने इसे देश के पांच मूल रूप से विशेष  आर्थिक क्षेत्रों में से एक के तौर पर चुना था।
 
इस शहर की करीब आधी अर्थव्यवस्था का आधार उत्पादन है और इस शहर का  बंदरगाह दुनिया के 18 सबसे व्यस्त रहने वाले बंदरगाहों में शामिल है।  
 
 

7. हांगझू (चीन) : शंघाई के पास बसा हांगझू वर्ष 2014 में चीन के महानगरों की आर्थिक ताकतों में सबसे  आगे था। इस शहर की आबादी 8,909,700 है और यहां रोजगार की दर 3.3 प्रतिशत   है। इसका जीडीपी प्रति व्यक्ति ग्रोथ 7.0 प्रतिशत है। 
 
इस शहर में कारोबार, वित्तीय और पेशेवर सेवाओं से जुड़े लोगों की सबसे ज्यादा मांग  है। यह देश का सबसे बड़ा संभावनाशील ई-कॉमर्स हब है और यहां पर अलीबाबा का  वैश्विक मु्ख्यालय भी है। 
 

6. कुनमिंग (चीन) : युन्नान प्रांत के इस शहर की आबादी 6,605,500 है और इस शहर में रोजगार की  विकास दर 2.9 फीसदी है तथा शहर की जीडीपी प्रति व्यक्ति ग्रोथ 8.1 प्रतिशत है।  महानगरीय इलाकों में बेहतर प्रदर्शन करने वाला यह चीन के मैदानी इलाकों का अहम  महानगर है। शहरों के प्रदर्शन के स्तर पर इस वर्ष इसने छठवां स्थान प्राप्त किया है।

अमेरिका के डलास शहर के आकार का यह महानगर दक्षिणपूर्व चीन के यून्नान प्रांत की  राजधानी है।
 
यह शहर कई बड़े विश्वविद्यालयों का केन्द्र होने के साथ-साथ दक्षिण पूर्व एशिया का तेजी  से विकसित हो रहा यातायात प्रवेशद्वार है।  
 

5. दुबई (संयुक्त अरब अमीरात) : संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) का यह तेजी से विकसित हो रहा शहर है जहां पर  3,332,500 लोग रहते हैं। यहां रोजगार के विकास की दर 4.7 प्रतिशत है और जीडीपी  प्रति व्यक्ति ग्रोथ 4.5 फीसदी है। देश के सर्वाधिक विकसित शहर होने के नाते दुबई  यातायात, पर्यटन, व्यापार और पेशेवर सेवाओं का वैश्विक हब है।
 
इसकी अर्थव्यवस्था के विविधीकरण की महत्वाकांक्षी रणनीति को लागू किए जाने के  बाद यह वस्तुओं की बजाय सेवाओं का केन्द्र बन गया है। यहां की समूची जीडीपी के  70 फीसदी से अधिक भाग सेवा उद्योग क्षेत्र से आता है।
 

4. बरसा (तुर्की) : तुर्की के इस शहर की जनसंख्या 3,722,600 है जहां पर रोजगार की विकास दर 6.4  प्रतिशत है। शहर की जीडीपी प्रति व्यक्ति ग्रोथ 1.8 फीसद है। तुर्की के पश्चिमी समुद्री तट  पर बसा यह शहर उत्पादन गतिविधियों का पावरहाउस है। इसके ऑटोमोटिव  (स्वचालित) वाहनों के क्लस्टर की पहचान सारी दुनिया में है। यहां पर देश का 60  फीसदी से ज्यादा उद्योग लगा हुआ है।
 
फियट और रेनो (या रेनाल्ट) जैसे अंतरराष्ट्रीय ऑटोमेकर्स और यहां सप्लायर्स की  विस्तृत विविधता के कारण इसे 'तुर्की का डेट्रॉयट' भी कहा जाता है।  
 

3. इस्तांबूल (तुर्की) : यह शहर तुर्की का आर्थिक और संस्कृति का केन्द्र है जहां पर 14,023,500 लोग रहते   हैं। इसकी रोजगार ग्रोथ 6.5 फीसद है और शहर का जीडीपी पर कैपिटा ग्रोथ 2.0  प्रतिशत है। इस शहर की प्रमुख विशेषता यह है कि यह ऐसे ऐतिहासिक भूमि और  समुद्री यात्रा मार्गों से जुड़ा है जोकि इसे मध्य एशिया और यूरोप से जोड़ते हैं।
 
इसकी विविधीकृत अर्थव्यवस्था में सेवाओं, व्यापार, पर्यटन और उत्पादन क्षेत्रों का प्रमुख  योगदान है। अकेले इस शहर की अर्थव्यवस्‍था ही देश की अर्थव्यवस्था में एक चौथाई से  अधिक हिस्सा उपलब्ध कराती है।
 

2. इजमीर (तुर्की) : तुर्की के पश्चिमी समुद्र तट पर बसे इजमीर की आबादी 4,026,000 है और यहां पर  रोजगार ग्रोथ की दर 6.6 प्रतिशत है। शहर की जीडीपी पर कैपिटा ग्रोथ 2 प्रतिशत है।  यह शहर 17 वीं सदी के बाद से ही एक प्रमुख व्यापारिक केन्द्र रहा है। यहां से समुद्री  जहाज भूमध्यसागर और एजियन सी (जोकि यूनान और तुर्की के बीच स्थित है) के लिए  निकल सकते हैं। 
 
इस भौगोलिक स्थिति का लाभ उठाने के लिए सरकार ने इस शहर और इसके आसपास  के क्षेत्र को औद्योगिक क्षेत्रों के तौर पर विकसित किया है। वर्ष 2014 की रोजगार रिपोर्ट  में इसने पहला स्थान हासिल किया था और वर्ष 2009 से लेकर 2014 तक इसकी  रोजगार वृद्धि असाधारण रही है। 
 

1. मकाऊ (चीन) : पूर्व में इस शहर के एक बड़े भूभाग पर पुर्तगालियों का कब्जा रहा है लेकिन बाद में यह  क्षेत्र चीनी शासन के हवाले कर दिया गया। इस शहर की आबादी मात्र 574,200 है और  यहां रोजगार ग्रोथ की दर 4.2 प्रतिशत है। इस शहर की जीडीपी पर कैपिटा ग्रोथ 8.0  फीसद है।  
 
आर्थिक प्रदर्शन के सूचकांक की दृष्टि से शहर की जीडीपी पर कैपिटा ग्रोथ बहुत अधिक है। बहुत छोड़ा शहर होने के बावजूद यह दुनिया का सबसे बड़ा गेमिंग सेंटर है। इस शहर में विन, सैंड्स और एमजीएम जैसी कंपनियों ने अपना ठिकाना बना रखा है।