मंगलवार, 23 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. South Korea
Written By
Last Modified: सोल , सोमवार, 20 अक्टूबर 2014 (17:33 IST)

दक्षिण कोरिया ने दी उत्तर कोरिया को चेतावनी

दक्षिण कोरिया ने दी उत्तर कोरिया को चेतावनी - South Korea
सोल। दक्षिण कोरिया ने सोमवार को उत्तर कोरिया को आगाह किया कि वह उकसावे की कार्रवाई नहीं करे। सीमा पर छिटपुट झड़पों के चलते पूर्व नियोजित उच्चस्तरीय वार्ता से पहले सैन्य तनाव बढ़  गया है।
 
रविवार को दोनों देशों के सैनिकों के बीच छोटे हथियारों से उस समय गोलीबारी हुई थी, जब दक्षिण  कोरियाई सैनिकों ने प्रायद्वीप को विभाजित करने वाली सैन्य रेखा की तरफ बढ़ रहे उत्तर कोरियाई  गश्ती दल की ओर चेतावनी के रूप में गोलियां चलाईं।
 
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता किम मिन-सियोक ने कहा कि हम उत्तर कोरिया की उकसाने वाली सैन्य  कार्रवाई के लिए उसे कड़ी चेतावनी देते हैं। 7 अक्टूबर को उत्तर और दक्षिण कोरिया के नौसैनिक  जहाजों के बीच विवादित पीला सागर (यलो सी) की सीमा के निकट चेतावनी के रूप में गोलीबारी  हुई थी।
 
तीन दिन बाद उत्तर कोरिया ने प्योंगयांग विरोधी पर्चों से युक्त गुब्बारों पर गोलियां चलाकर उन्हें नीचे  गिराने की कोशिश की थी जिसके बाद दोनों देशों के सीमा सुरक्षा बलों के बीच भारी मशीनगनों से  गोलीबारी हुई।
 
उत्तर कोरिया दक्षिण कोरिया से बार-बार कार्यकर्ताओं के समूहों द्वारा इस तरह पर्चे गिराने पर रोक  का आग्रह करता रहा है लेकिन सोल ऐसा करने के लिए कोई कानूनी आधार नहीं होने का हवाला  देता है। पिछले सप्ताह दोनों कोरियाई देशों ने तनाव पर चर्चा के लिए सैन्य वार्ता आयोजित की थी,  जो बिना किसी समझौते के खत्म हो गई।
 
इस महीने के शुरू में उत्तर कोरिया के शीर्ष प्रतिनिधिमंडल के दक्षिण कोरिया के औचक दौरे के  दौरान फरवरी से निलंबित उच्चस्तरीय वार्ता को फिर शुरू करने का निर्णय लिया गया। लेकिन सीमा  पर चल रहे तनाव के कारण अब यह वार्ता खतरे में पड़ गई है।
 
दक्षिण कोरिया ने बातचीत शुरू करने के लिए 30 अक्टूबर की तिथि का प्रस्ताव रखा था और एकीकरण मंत्रालय के प्रवक्ता लिम बेयोंग-शीयोल ने शुक्रवार को बातचीत में भरोसा जताया था कि वार्ता आगे जारी रहेगी। (भाषा)