गुरुवार, 28 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Sikh Gurudwara
Written By
Last Updated :मेलबर्न , गुरुवार, 30 अक्टूबर 2014 (09:20 IST)

ऑस्ट्रेलिया में गुरुद्वारे में तोड़फोड़, सिख नाराज

ऑस्ट्रेलिया में गुरुद्वारे में तोड़फोड़, सिख नाराज - Sikh Gurudwara
मेलबर्न। ऑस्ट्रेलिया में इस्लाम विरोधी भावना रखने वाले कुछ लोगों ने पर्थ शहर में एक नव निर्मित सिख गुरुद्वारे में तोड़फोड़ की और वहां नफरत भरे नारे लिख दिए।
 
एबीसी की खबरों के मुताबिक, बेनेट स्प्रिंग स्थित इस गुरुद्वारे में ‘ऑस्ट्रेलियाई गौरव’ और ‘वापस जाओ’ जैसे शब्द लिख दिए गए। गुरुद्वारे के सुरक्षा कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
 
ग्रंथी सतजीत सिंह ने कहा, 'हम लोग भारत से हैं, विशेषकर पंजाब से, हम लोगों का किसी अन्य धर्म से कोई रिश्ता नहीं है। हम लोग सिख हैं और हमारा धर्म अन्य धर्मों से पूरी तरह अलग है।' उन्होंने कहा कि तोड़फोड़ काफी व्यथित करने वाली है और मरम्मत कराने में 50,000 अमेरिकी डॉलर तक का खर्च आएगा।
 
सिंह ने कहा कि वह शर्मिंदा हैं क्योंकि वह भी एक नागरिक हैं और यहां के कुछ नागरिकों ने ऐसा किया है। यह ऑस्ट्रेलियाई समुदाय और लोगों का अपमान है।' 
 
गुरुद्वारे के कोषाध्यक्ष अमन दीप सिंह ने कहा कि यह काफी दुख पहुंचाने वाला है। जिस किसी ने भी यह किया है, उसने शर्मनाक कृत्य किया है।

अमनदीप सिंह ने कहा, 'अरब और सिखों के बीच के अंतर को समझें। उन्होंने बहुत नुकसान कर दिया है। उन्होंने न केवल गुरुद्वारे को नुकसान पहुंचाया है, बल्कि उन्होंने पूरे देश को क्षति पहुंचाई है।'
 
लेबर सांसद मार्गरेट क्वर्क ने कहा कि नस्ली भावना अत्यंत निंदनीय है। सचाई यह है कि इस गुरुद्वारे में मत्था टेकने आने वाले अधिकतर लोग ऑस्ट्रेलियाई नागरिक हैं और तोड़फोड़ का कृत्य काफी दुखद है। सांसद ने कहा कि वह पश्चिम ऑस्ट्रेलियाई समुदाय की तरफ से सिख समुदाय के अपने दोस्तों से निश्चित रूप से माफी चाहती हैं।
 
गुरुद्वारे पर हमले की यह घटना पर्थ में दो मस्जिदों और एक इस्लामिक स्कूल में हुई तोड़फोड़ की घटना के कुछ दिन बाद हुई है।(भाषा)