बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. prisone
Written By
Last Modified: शनिवार, 29 नवंबर 2014 (00:21 IST)

कराची जेल से रिहा किए जाएंगे 40 भारतीय कैदी

कराची जेल से रिहा किए जाएंगे 40 भारतीय कैदी - prisone
कराची। दक्षेस शिखर बैठक में प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से हाथ मिलाने और दुआ सलाम करने के अगले ही दिन पाकिस्तान ने शुक्रवार को यहां की एक जेल से 40 भारतीय कैदियों को रिहा करने की घोषणा की। कैदियों में अधिकतर मछुआरे हैं।
 
पाकिस्तान विदेश कार्यालय ने एक बयान में कहा, ‘पाकिस्तान कल 40 भारतीय कैदी (पांच असैन्य कैदी और 35 मछुआरे) को रिहा करेगा, जिन्हें वाघा (सीमा) के रास्ते वापस भारत भेजा जाएगा। इस तरह इस साल रिहा किए गए भारतीय कैदियों की कुल संख्या 191 हो जाएगी, जिनमें छह असैन्य कैदी और 185 मछुआरे शामिल हैं।’ कराची के मलिर जिला कारागार में बंद इन 40 भारतीय कैदियों को भारत वापस भेजने के लिए लाहौर भेजा जा रहा है।
 
एधि फाउंडेशन चैरिटी के प्रवक्ता अनवर काजमी ने कहा, ‘हमारा संगठन रिहा किए गए प्रत्येक बंदी को उनके परिवारों के लिए कपड़े के पैकेट और दस-दस हजार रूपये दे रहा है और उन्हें वाघा सीमा तक पहुंचाने के लिए परिवहन उपलब्ध करा रहा है।’ 
 
पाकिस्तान रेंजर्स के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘मलिर जेल से रिहा किए जाने वाले भारतीय कैदी शुक्रवार को लाहौर पहुंचे और कोट लाखपत जेल में रात बिता रहे हैं। उन्हें कल भारतीय अधिकारियों के हवाले कर दिया जाएगा।’ ये मछुआरे एक से लेकर तीन साल से हिरासत में थे।
 
भारत और पाकिस्तान अकसर अचिह्नित जल क्षेत्र में घुसने वाले एक दूसरे के मछुआरों को गिरफ्तार करते रहते हैं। इस बीच पाकिस्तान सरकार ने संसद में कहा कि उसने पिछले तीन साल में 1,260 भारतीय कैदियों को रिहा किया है। इनमें 1,220 मछुआरे और 40 दूसरे कैदी शामिल हैं।
 
विदेश कार्यालय ने कहा, ‘26 मई को एक सद्भावना पहल के तौर पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने 151 भारतीय कैदियों को रिहा करने का निर्देश दिया था।’ विदेश कार्यालय ने कहा, ‘पाकिस्तान हमेशा से कहता रहा है कि दोनों देशों के बीच कैदियों का मुद्दा एक मानवीय मुद्दा है और उसे इसी भावना के साथ देखा जाना चाहिए। हमें उम्मीद है कि भारत सरकार अपनी सजा पूरी कर चुके सभी पाकिस्तानी कैदियों को रिहा कर देगी।’ (भाषा)