शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Pakistan, Indian High Commissioner, Gautam Bambawale, LoC, Indian Army, Pakistani army
Written By
Last Modified: गुरुवार, 29 सितम्बर 2016 (22:25 IST)

पाकिस्तान ने भारतीय उच्चायुक्त को किया तलब

पाकिस्तान ने भारतीय उच्चायुक्त को किया तलब - Pakistan, Indian High Commissioner, Gautam Bambawale, LoC, Indian Army, Pakistani army
इस्लामाबाद। पाकिस्तान ने गुरुवार को यहां भारत के उच्चायुक्त गौतम बंबावाले को तलब कर भारतीय सेना की गोलीबारी में दो पाकिस्तानी सैनिकों की कथित मौत पर विरोध जताया।            
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा पर दो सैनिकों की मौत पर भारत सरकार से जवाब-तलब किया है। विदेश सचिव एजाज अहमद चौधरी ने बंबावाले से कहा कि पाकिस्तान अपने पड़ोसी देशों के साथ अच्छे संबंध चाहता है लेकिन किसी भी तरह के हमले का जवाब देने में पूरी तरह सक्षम है। 
        
इससे पहले सेना के इंटर सर्विस पब्लिक रिलेशंस ने एक बयान जारी करके कहा था कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में केल और लिपा सेक्टर में भीमबर में करीब छह घंटे तक गोलीबारी हुई।  
 
किसी भी हमले का मुंहतोड़ जवाब देंगे : पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा के इस ओर आतंकवादियों के खिलाफ भारतीय सेना की सीमित सैन्य कार्रवाई को 'बिना उकसावे का संघर्ष विराम उल्लंघन' बताते हुए कहा कि उनकी सेना किसी भी हमले का मुंहतोड़ जवाब देगी।
           
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ऐसे हमले का जवाब जरूर दिया जाएगा। सीमित सैन्य कार्रवाई का भारत का दावा सिर्फ जनता और मीडिया का ध्यान खींचने के लिए है और ऐसे गैरजिम्मेदाराना बयानों से क्षेत्र में पहले से ही नाज़ुक सुरक्षा स्थिति और बिगड़ सकती है।
           
विदेश मंत्रालय ने भारत पर जम्मू-कश्मीर में बदतर होती स्थिति से ध्यान हटाने के लिए नियंत्रण रेखा पर लगातार तनाव बढ़ाने का आरोप लगाया। बयान में कहा गया है, वह अपने लोगों और अंतरराष्ट्रीय समुदाय को मूर्ख बनाने का प्रयास कर रहा है। 
           
बयान में कहा गया है कि पाकिस्तान अपनी सरजमीं पर भारत प्रायोजित आतंकवाद या किसी भी भारतीय आक्रमण से अपनी सीमा और लोगों की रक्षा करने के लिए तैयार है।
 
पाकिस्तान अपनी सीमा की सुरक्षा के लिए पूरी तरह तैयार : भारत की जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पार सीमित सैन्य कार्रवाई किए जाने की गुरुवार को घोषणा के बाद पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने कहा कि उनका देश अपनी सीमा की रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है।
       
'रेडियो पाकिस्तान' ने शरीफ के हवाले से यह खबर दी। शरीफ ने कहा, पड़ोसी देश के साथ शांति बनाए रखने के हमारे इरादे को कमजोरी नहीं समझा जाना चाहिए। हमारे जवान देश की सीमा की रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार हैं।      
        
हालांकि पाकिस्तान ने आधिकारिक रूप से इस बात का खंडन किया है कि भारत ने किसी तरह की सीमित सैन्य कार्रवाई (सर्जिकल स्ट्राइक) की है। उसका कहना है कि भारत ने नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन करके गोलीबारी की है और इसे ही वह सर्जिकल स्ट्राइक का नाम दे रहा है।
         
इस बीच, इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने भी एक बयान जारी कर कहा कि  भारत ने जानबूझकर सर्जिकल स्ट्राइक के संबंध में प्रचारित किया है ताकि मीडिया में इसे लेकर चर्चा हो। यह सरासर झूठ है कि भारत ने नियंत्रण रेखा पार किसी तरह की सर्जिकल स्ट्राइक की है।
         
उल्लेखनीय है कि भारतीय सेना ने जम्मू कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पार पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में तीन किलोमीटर अंदर जाकर पांच ठिकानों पर चार घंटे तक सीमित सैन्य कार्रवाई करके 30 से अधिक आतंकवादियों को मार गिराया। (वार्ता) 
ये भी पढ़ें
पाक सेना ने एक भारतीय सैनिक को किया गिरफ्तार