शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Modi on lee
Written By
Last Modified: सिंगापुर , रविवार, 29 मार्च 2015 (14:00 IST)

विश्व दृष्टा थे ली : मोदी

विश्व दृष्टा थे ली : मोदी - Modi on lee
सिंगापुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आधुनिक सिंगापुर के निर्माता और प्रथम प्रधानमंत्री ली कुयान यू को दुनिया के चंद बड़े नेताओं में शुमार करते हुए कहा है कि वे एक विश्व दृष्टा थे, जो समय से आगे की सोच रखते थे।
 
मोदी ली के अंतिम संस्कार में हिस्सा लेने रविवार को यहां पहुंचे हैं। उन्होंने सिंगापुर के साथ भारत के मजबूत संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत की 'पूरब की ओर देखो' नीति को कामयाब बनाने में सिंगापुर ने अहम भूमिका निभाई है।
 
उन्होंने कहा कि ली ने अपने कार्यों से न केवल दक्षिण एशिया को बल्कि पूरे एशियाई क्षेत्र के लोगों में आत्मविश्वास जगाने का काम किया है।
 
मोदी ने कहा क‍ि मित्रो, मैं दुख की इस घड़ी में सिंगापुर में हूं। महामहिम ली के निधन के साथ एक युग का अंत हो गया। वे हमारे दौर के महानतम नेताओं में से एक थे। वे महान चिंतक थे जिन्होंने क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता के लिए अथक प्रयास किए। व्यक्तिगत रूप से वे मेरे लिए प्रेरणा के स्रोत थे।
 
उन्होंने कहा क‍ि भारत की जनता ली के निधन पर दुख की इस घड़ी में सिंगापुर के लोगों के साथ है। दिवंगत नेता के सम्मान और सिंगापुर के साथ हमारी दोस्ती के अटूट बंधन के सम्मान में रविवार को भारत में राष्ट्रीय शोक मनाया जा रहा है। मैं आज यहां भारत की जनता की संवेदना और प्रार्थना के साथ आया हूं। (वार्ता)