शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Malaysia
Written By
Last Updated :क्वालालम्पुर , मंगलवार, 31 मार्च 2015 (19:04 IST)

मलेशिया में 5 मीडियाकर्मी गिरफ्तार

मलेशिया में 5 मीडियाकर्मी गिरफ्तार - Malaysia
क्वालालम्पुर। मलेशिया की पुलिस ने एक मलेशियाई मीडिया समूह के तीन संपादकों समेत समूह के पांच कर्मचारियों को राजद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह जानकारी वकीलों और अधिकारियों ने दी।

मीडिया कंपनी ने बताया कि पुलिस ने समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हो के टैट और द मलेशियन इनसाइडर न्यूज पोर्टल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जहाबर सादिक को आज उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वे थाने में बयान देने के लिए आए थे।

पुलिस प्रमुख खालिद अबु बकर ने उनकी गिरफ्तारी की पुष्टि की है लेकिन इस संबंध में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है। उन्हें आज रातभर जेल में रखा जाएगा।

इससे पहले पुलिस तथा मलेशियन कम्युनिकेशंस एंड मल्टीमीडिया कमीशन के अधिकारियों ने कल मलेशियन इनसाइडर पोर्टल के कार्यालय पर छापा मारकर पोर्टल के प्रबंध संपादक लियोनेल मोरेस, फीचर संपादक जुल किफली सुलोग तथा मलय समाचार संपादक अमीन इसकंदर को हिरासत में लिया था। उन्हें भी राजद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कार्यालय के कई कम्प्यूटरों तथा अन्य सामान को भी जब्त कर लिया।

इन सभी की गिरफ्तारी एक समाचार रिपोर्ट को लेकर की गई है। इस मामले में इन्हें सजा इस्लामी कानून के अंतर्गत दी जाएगी। उनके वकील ने बताया कि मजिस्ट्रेट ने संपादकों को रिमांड पर लेने की अपील ठुकरा दी है।

सेंटर फॉर इंडिपेंडेंट जर्नलिज्म और साउथइस्ट एशियन प्रेस अलायंस ने संपादकों को जल्द से जल्द रिहा करने की मांग की है। मलेशिया की पुलिस ने पिछले वर्ष अगस्त से राजद्रोह मामले में कई गिरफ्तारियां की हैं । इनमें विपक्षी नेता भी शामिल हैं। (वार्ता)