भैंसों से डरकर पेड़ पर चढ़ा शेर
नेरोक काउंटी। जगल के राजा से जगल का हर कोई जानवर डरता है। इस भयानक आदमखोर को देखकर अच्छे अच्छों को पसीने छूट जाते हैं, लेकिन केन्या में कुछ मामला सामने आया है, जिसके बाद शेरों की साख पर बट्टा लग गया है।
केन्या के मासाई मारा रीजर्व में एक बब्बर शेर में अपनी प्रजाति की नाक कटवा दी है। यह शेर इतना डरपोक निकला कि भैंसों का झुंड देखकर पेड़ पर चढ़ गया। काफी देर तक लटके रहने के बाद उसे जैसे ही मौका मिला, दुम दबाकर वहां से भाग निकला।
एक अंग्रेजी वेबसाइट के अनुसार 63 वर्षीय पूर्व आर्मी अधिकारी चार्ल्स कोमीन केन्या के मासाई मारा रीजर्व में सफारी पर गए थे। वे वहां जंगली जानवरों के व्यवहार की तस्वीरें ले रहे थे। इस बीच उन्होंने कुछ ऐसा देखा जिसने उन्हें ही नहीं बल्कि हर उस इंसान को आश्चर्य में डाल दिया जिसने ये तस्वीरें देखीं। कोमीन ने इस पूरी घटना की तस्वीरें उतारी हैं।
फोटो में अपनी मांद में बैठा एक बब्बर शेर सामने से आ रहे जंगली भैंसों के झुंड को देखकर घबरा गया और डर के मारे पेड़ पर जा चढ़ा। भैंसे भी इतनी आसानी से मानने वाले नहीं थे और पूरा झुंड उस पेड़ के आसपास मंडराने लगा जिस पर शेर चढ़ा था। उस झुंड को देखकर लग रहा था कि इस बार शेर की शामत आ ही गई है। इस बीच काफी देर से पेड़ पर लटके शेर का संतुलन बिगड़ने लगा और वो नीचे आ गया। पेड़ से नीचे गिरते ही शेर ने आव देखा न ताव और अपनी दुम दबाकर दौड़ लगा दी।