मंगलवार, 23 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Lion
Written By
Last Modified: शुक्रवार, 31 अक्टूबर 2014 (09:26 IST)

खूंखार शेरों से खेलता है कार्ल...

खूंखार शेरों से खेलता है कार्ल... - Lion
शेर की मांद में जाना, शेर के मुंह में हाथ डालना, शेर का शिकार करना आदि कहावतें और मुहावरे तो काफी सुने होंगे, लेकिन एक जांबाज ऐसा भी है जो खूंखार पशुओं से दो-दो हाथ करता है। जब कार्ल बोवार्ड अपने पालतू जानवरों के साथ खेलता है और कुश्ती लड़ता है तो वह जानता है कि वह प्रति क्षण मौत के करीब होता है, लेकिन वह इस बात को जोखिम उठाने लायक समझता है क्योंकि इसे लुप्तप्राय: प्राणियों को बचाने को लेकर जागरूकता बढ़ाने में मदद मिलती है। अपने पालतू पशुओं के साथ खेलना कोई जोखिम भरा काम नहीं है बशर्ते कि आपके पालतू पशु वाघ और शेर न हों।   
 
कार्ल के घर के पीछे के हिस्से में छह वाघ और दो शेर रहते हैं और वह इनके साथ प्रतिदिन जोर आजमाइश करता है। करीब तेरह वर्ष पहले एक दुर्घटना में उसकी आंखों की ज्योति चली गई थी और वह मानने लगा था कि अब वह जीवन में कभी भी वन्‍य जीवों को नहीं देख सकेगा। पर जब उसकी नेत्रों की ज्योति वापस आ गई तो उसने सबसे पहले दो वाघों को गोद लिया। 
 
उसने नौ वर्ष पहले सिंगल ‍‍विजन नाम की कंपनी बनाई जो कि शैक्षिक और नॉन प्रॉफिट कंपनी थी और उसने अपने घर और बगीचे को लोगों की यात्रा के लिए खोल दिया, जहां उसके साथ उसके जंगली जानवर भी रहते हैं। इन जानवरों के साथ उसने भालू के दो बच्चों- ब्रूजर और हनी को भी गोद ले रखा है। इतना ही नहीं, इनके अलावा घर में एक तेंदुआ और दो मगरमच्छ भी हैं। 
 
43 वर्षीय कार्ल का कहना है कि इन जानवरों के साथ रहने के बहुत सारे खतरे हैं लेकिन आपको सुरक्षित बने रहने के लिए सभी तरह की सावधानियां उठानी होंगी। इस बात में कोई संदेह नहीं है कि इनके साथ रहने का सर्वाधिक भयानक परिणाम मौत हो सकती है। उनका कहना है कि जब मैं उनके साथ होता हूं तो कभी भी अपनी गर्दन को उनके हाथ में नहीं छोड़ता हूं। 
 
इसके भी कई खतरे हैं। उनका एक वाघ करीब 700 पौंड का है और वह इन जानवरों को उनकी स्वाभाविक शिकार करने की प्रतिभा को विकसित करने को बढ़ाने का काम करता है, लेकिन इसके नतीजे भी खतरनाक होते हैं। उनकी नाक पर एक बार तेंदुए ने काट लिया था तो उन्हें इसे सिलवाने के लिए टांके लगवाने पड़े। एक बार उनका कंधा अलग हो गया था। वे कहते हैं कि मैं कुछेक जानवरों के साथ खेल रहा था कि एक अन्य इस खेल में शामिल होने के लिए मुझ पर छलांग लगा दी थी।
 
वह मेरे पीछे दौड़ा। वे एक घंटे में करीब 50 मील तक दौड़ सकते हैं और दो कदम में ही वह मेरे ऊपर था। इसके परिणामस्वरूप चोट लगी। हालांकि वे इन जानवरों को कैद रखकर इनकी संख्या को बढ़ा रहे हैं लेकिन इसको लेकर विवाद है। जबकि कार्ल मानते हैं कि उनका संगठन वाघों और शेरों की मदद कर रहा है। उनका कहना है कि इन वाघों को कैद करके रखने और लोगों को‍ दिखाने से लोगों में इनके प्रति प्यार जगा रहा हूं। 
 
उनका कहना है कि यह जरूरी है कि हम उन्हें बंद करके रखें ताकि लोगों में इनके प्रति प्यार जगा सकें और इन्हें रखने का जोखिम उठाया जा सके। लोगों का कहना है कि ये तो जंगली जानवर हैं और इन्हें जंगल में ही छोड़ दिया जाना चाहिए। वे पूछते हैं कि कौन से जंगल में छोड़ें? इस ग्रह पर सात अरब लोग हैं और हम इन जानवरों के रहने के स्थानों को नष्ट कर रहे हैं। कार्ल, अमेरिका में फ्लोरिडा के मेलरोज में रहते हैं। 
 
जल्द ही दुनिया में ऐसे ही वाघ बचे रहेंगे जो कि बंदी बनाकर रखे गए हैं और इन्हें भी जंगलों को फिर से बसाने के लिए उपयोग में लाना होगा। उनका सबसे बड़ा वाघ एक साइबेरियाई वाघ है जिसका नाम सैमसन है जो कि 700 पौंड से ज्यादा वजनी है। वह साढ़े नौ फुट लम्बा है। वे प्रति सप्ताह 1500 पौंड मांस खरीदते हैं और उनके जानवर एक बार में 200 पौंड मांस खा जाते हैं। अपने जीवन को शेरों के साथ रखने की कुछ समस्याएं हैं लेकिन कार्ल अपने काम के प्रत्येक मिनट का आनंद लेते हैं और वे सिंगल विजन को बढ़ाने का सपना देखते हैं।