गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Kabul
Written By
Last Modified: काबुल , बुधवार, 25 नवंबर 2015 (15:03 IST)

तालिबानी कब्जे से 18 बंदियों को रिहा कराने की कार्रवाई शुरू

तालिबानी कब्जे से 18 बंदियों को रिहा कराने की कार्रवाई शुरू - Kabul
काबुल। अफगानिस्तान के सुरक्षा बलों ने तालिबान के कब्जे से 18 बंदियों को मुक्त कराने के लिए बुधवार को अपना अभियान शुरू किया।

तालिबान ने सुरक्षा बलों के एक हेलीकॉप्टर के अपने नियंत्रण वाले क्षेत्र में आपात स्थिति में उतरने के बाद उसमें सवार 18 लोगों को बंदी बना लिया था। यह जानकारी बुधवार को अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने दी।
एक निजी कंपनी का हेलीकॉप्टर एमआई-17 मंगलवार को उत्तरी प्रांत फरयाब में उतरा था।

हेलीकॉप्टर में कुछ तकनीकी खराबी आ गई थी। इसके बाद तालिबानी आतंकवादियों ने हमला कर दिया था जिसमें 2 सैनिक और 1 चालक मारे गए थे। तालिबान ने शेष 18 को बंदी बना लिया था।

सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में अपना अभियान बुधवार को शुरु किया ताकि बंधकों को मुक्त कराया जा सके। रक्षा मंत्रालय ने यह नहीं बताया कि बंधकों में केवल सैनिक हैं या नागरिक भी?

मंगलवार को पुलिस ने 13 सैनिकों को बंदी बनाने की सूचना दी थी। रक्षा मंत्रालय ने यह नहीं बताया कि हेलीकॉप्टर किस कंपनी का था। (वार्ता)