मंगलवार, 16 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Indonesia
Written By
Last Modified: जयापुरा (इंडोनेशिया) , सोमवार, 17 अगस्त 2015 (11:36 IST)

इंडोनेशिया के लापता यात्री विमान का मलबा मिला

इंडोनेशिया के लापता यात्री विमान का मलबा मिला - Indonesia
जयापुरा (इंडोनेशिया)। एक खोजी विमान ने इंडोनेशिया के उस लापता विमान के मलबे का पता लगाया है जिसमें 54 यात्री सवार थे।

 
खोज अभियान में लगे अधिकारियों ने सोमवार को यहां बताया कि अभी इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि हादसे में क्या कोई यात्री जीवित बचा है। खराब मौसम की वजह से यह हादसा रविवार को इंडोनेशिया के पहाड़ी पूर्वी प्रांत पापुआ में हुआ।

ट्रिगाना एयर सर्विस के इस विमान ने रविवार को पापुआ प्रांत की राजधानी जयापुरा से पापुआ के ही ओकसिबिल शहर के लिए उड़ान भरी थी लेकिन जल्द ही ओकसिबिल हवाई अड्डे से इसका संपर्क टूट गया था।

परिवहन मंत्रालय के प्रवक्ता जुलियस बराता ने बताया कि पायलट द्वारा संकट संबंधी सूचना दिए जाने के कोई संकेत नहीं है।

अधिकारियों ने बताया कि विमान का मलबा ओकसिबिल से करीब 12 किमी दूर पाया गया। राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी के प्रमुख हेनरी बैमबांग सोएलिस्टियो ने बताया कि खोज एवं बचाव दल दुर्घटनास्थल के करीब पहुंचने के लिए प्रयासरत हैं।

बराता के अनुसार, विमान में 49 यात्री और चालक दल के 5 सदस्य थे और यह विमान 42 मिनट में अपनी उड़ान पूरी करने वाला था। यात्रियों में 2 नवजातों सहित 5 बच्चे थे। (भाषा)