गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. France
Written By
Last Updated :पेरिस , रविवार, 15 नवंबर 2015 (12:31 IST)

योरपीय देशों के लोगों ने जताई फ्रांस के साथ एकजुटता

योरपीय देशों के लोगों ने जताई फ्रांस के साथ एकजुटता - France
पेरिस। फ्रांस की राजधानी में हुए आतंकी हमलों के विरोध में प्रसिद्ध एफिल टॉवर शोक के तौर पर शनिवार रात अंधेरे में डूबा रहा, वहीं दूसरी ओर आयरलैंड से लेकर न्यूयॉर्क तक योरपीय देशों के लोगों ने फ्रांस के साथ एकजुटता का प्रदर्शन किया और विश्व के कई महत्वपूर्ण स्थल फ्रांस के रंग में रंगे नजर आए।

शुक्रवार रात हुए इन हमलों में कम से कम 129 लोग मारे गए हैं और 352 अन्य जख्मी हुए हैं। दूसरे विश्वयुद्ध के बाद से ये फ्रांस की धरती पर सबसे घातक हिंसा है।

फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद ने इस्लामिक स्टेट के खिलाफ कठोर जंग शुरू करने का संकल्प लिया है। इसी समूह ने पेरिस में हुए हमले की जिम्मेदारी ली है, वहीं जांचकर्ता हमलावरों के साथियों और बेल्जियम तथा सीरिया के संभावित संपर्क को उजागर करने में लगे हुए हैं।

ऑस्ट्रेलिया में सिडनी के ओपेरा हाउस से लेकर न्यूयॉर्क के वन वर्ल्ड ट्रेड सेंटर तक शनिवार को फ्रांस के झंडे लाल, सफेद और नीले रंग में थे, वहीं एफिल टॉवर और 1960 के दशक के शांति चिह्न को दर्शाने वाला शांति चिह्न ‘पीस फॉर पेरिस’ ऑनलाइन वायरल हो गया।

न्यूयॉर्क के मेट्रोपॉलिटन ओपेरा में प्लासिडो डोमिंगो की अगुवाई में फ्रांस के 129 मृतकों को श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर फ्रांस का राष्ट्रगान भी गाया गया।

आयरलैंड की राजधानी डबलिन में फ्रांस का राष्ट्रध्वज ओढ़े करीब 6,000 लोगों ने मार्च निकाला। साथ ही में फ्रांस का राष्ट्रगान भी गाया गया।

लंदन के ट्राफलगर स्क्वैयर में करीब 2,000 लोगों ने हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी। पेरिस में प्रकाश के प्रतीक एफिल टॉवर को अंधेरे में रखा गया और वह अगले नोटिस तक बंद रहेगा। एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी है।

यूरोपीय संघ ने 1 मिनट का मौन रखने का ऐलान किया है, जो सोमवार को होगा। मैड्रिड और बार्सिलोना में सैकड़ों लोगों ने 1 मिनट का मौन रखा। (भाषा)