गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. California attack, Pakistani couple
Written By
Last Updated :वॉशिंगटन , शुक्रवार, 4 दिसंबर 2015 (16:40 IST)

कैलिफोर्निया में हमला करने वाले पाकिस्तान मूल के पति-पत्नी निकले

कैलिफोर्निया में हमला करने वाले पाकिस्तान मूल के पति-पत्नी निकले - California attack, Pakistani couple
वॉशिंगटन। मीडिया में आई खबरों में कहा गया है कि कैलिफोर्निया में हुई गोलीबारी के दोनों युवा संदिग्ध पाकिस्तानी मूल के हैं, वहीं राष्ट्रपति बराक ओबामा ने लोगों से कहा है कि वे इस त्रासद घटना के बारे में जल्दबाजी में किसी निष्कर्ष पर न पहुंचें। इस घटना में 14 लोग मारे गए थे और 17 लोग घायल हो गए थे।
सान बर्नारदिनो के पुलिस प्रमुख जैरोड बुर्गुआन के अनुसार दंपति सैयद फारुक (28) और तशफीन मलिक (27) ने भारी युद्धक सामग्री जुटा रखी थी जिसमें हजारों गोलियां और दर्जनभर विस्फोटक पदार्थ थे। इसके अलावा इनके पास 4 बंदूकें थीं। यह सामग्री उस अपार्टमेंट से बरामद की गई, जो इस दंपति ने किराए पर लिया हुआ था।

बुर्गुआन ने गुरुवार को बताया कि बंदूकें वैध तरीके से खरीदी गई थीं। निश्चित तौर पर वे हथियारों से लैस थे और वे अन्य हमले को भी अंजाम दे सकते थे।

फारुक के रिश्तेदार फरहान खान ने कहा था कि इस दंपति ने 2 साल पहले शादी कर ली थी। एफबीआई के लॉस एंजिल्स स्थित कार्यालय के सहायक निदेशक डेविड बॉउडिक के अनुसार फारुक एक अमेरिकी नागरिक था जबकि तशफीन अमेरिका में पाकिस्तानी पासपोर्ट पर के-1 ‘मंगेतर वीजा’ लगवाकर आई थी।

फारुक पाकिस्तान के एक प्रवासी का बेटा था और इसका जन्म अमेरिका में ही हुआ था। यह सान बर्नार्डिनो में पर्यावरण स्वास्थ्य विशेषज्ञ के रूप में कार्यरत था।

बुधवार को इस दंपति ने अपनी 6 माह की बच्ची को अपने माता-पिता के घर छोड़ा और फिर ये दोनों फारुक के अपने दफ्तर में आयोजित एक छुट्टी की पार्टी में गोलीबारी करने के लिए चले गए। पुलिस ने कहा कि गोलीबारी पूर्व नियोजित थी। एफबीआई को जांच पर लगा दिया गया है।

'लॉस एंजिल्स टाइम्स' के अनुसार संघीय कानून प्रवर्तन ने कहा कि जांचकर्ताओं को अभी इस गोलीबारी के पीछे का उद्देश्य स्पष्ट करना है। ये लोग कार्यस्थल और आतंकवाद दोनों से जुड़े संभावित उद्देश्य पर गौर कर रहे हैं। (भाषा)