गुरुवार, 28 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. लाइफ स्‍टाइल
  2. व्यंजन
  3. भारतीय व्यंजन
  4. yellow colour food items
Written By

ऋतुराज वसंत के सुहाने मौसम में बनाएं पांच मनभावन वासंती व्यंजन...

ऋतुराज वसंत के सुहाने मौसम में बनाएं पांच मनभावन वासंती व्यंजन... - yellow colour food items
वसंत लोगों का मनचाहा मौसम है। इस दिन महिलाएं पीले वस्त्र धारण कर पूजा-अर्चना करके पीले, केसरियां व्यंजन बना कर भगवान को भोग अर्पित करती हैं। ऋतुराज वसंत के सुहाने मौसम में आप भी अपने रिश्ते में प्यार की मिठास घोलना चाहती हैं, तो अवश्य ट्राई करें ये पांच वासंती व्यंजन... 


 
1. मनभावन केसरिया वासंती पेढ़े  
 
 
सामग्री :
 
250 ग्राम ताजा छैना, 50 ग्राम शक्कर, आधा चम्मच गुलाब जल, आधा कप पिस्ता कतरन, चुटकी भर मीठा पीला रंग,  4-5 केसर के लच्छे।
 
विधि :
सबसे पहले छैने को एक थाली में लेकर हथेली से तब तक मसलें, जब तक वह अच्छा चिकना न हो जाए। अब एक नॉनस्टिक बर्तन में  छैना और शक्कर डालकर धीमी आंच पर बार-बार चलाती रहे, तब तक कि मिश्रण गाढ़ा होकर कड़ाही न छोड़ने लगे। 
अब मिश्रण को ठंडा होने के लिए रख दें। तत्पश्चात गुलाब जल में केसर व मीठा पीला रंग डालकर खूब घोंट लें। अब ठंडे मिश्रण के छोटे-छोटे गोले बनाकर हर गोले के बीच में केसर का टीका लगाएं। उस जगह को हल्के से ऊंगली से दबाएं और उस गड्‍ढे में पिस्ता कतरन भर कर मनभावन केसरिया वासंती पेढ़े पेश करें।  
*****  
 
 

2. कद्दू का केसरिया हलवा  


 
सामग्री : 
500 ग्राम केसरिया कद्दू, 100 ग्राम मावा, 125 ग्राम शक्कर, 1 चम्मच इलायची पावडर, पाव कप कटे मेवे, 1 चम्मच घी।
 
विधि : 
सबसे पहले कद्दू को छीलकर किस लें। अब एक कड़ाही में घी गरम करके कद्दू को भूनें और उसमें मावा और शक्कर डालकर पका लें। अब मेवे व इलायची डाल दें। लजीज कद्दू का केसरिया हलवा गरमा-गरम परोसें। 
 
*****
 
 

3. लाजवाब कुरकुरी वासंती पूरी 


 
सामग्री :
 
1 कटोरी गेहूं का आटा, 1 बड़ा चम्मच बेसन, आधा चम्मच नमक, आधा चम्मच अजवाइन, पाव चम्मच हल्दी, तेल (तलने के लिए)।
 
विधि :
सर्वप्रथम गेहूं के आटे को छानकर उसमें तेल को छोड़ कर बाकी सभी सामग्री डालकर कड़ा आटा गूंथ लें। अब 15-20 मिनट कपड़े से ढंक कर रख दें। एक कड़ाही में तेल गरम करके धीमी आंच पर कुरकुरी पूरियां तल लें। अब गरमा-गरम पूरी को अचार या चटनी के साथ पेश करें। 
 
 
***** 
 
 
 

4. कद्दू का वासंती रायता


 
सामग्री :
250 ग्राम दही, 150 ग्राम ताजा कद्दू, 1 चुटकी काला नमक, (चुटकी भर हींग-जीरा छौंक के लिए), 1 चम्मच घी, सादा नमक, 1 हरी मिर्च बारीक कटी, हरा धनिया, आधा चम्मच शक्कर।
 
विधि :
सबसे पहले दही को एक बर्तन में लेकर रवई से मथ लें। अब कद्दू को छीलकर किस लें और गरम पानी में उबाल लें। अब इसे हाथ से टाइट निचोड़ कर दही में डालें। अब उपरोक्त सामग्री (कटी हरी मिर्च, काला नमक, सादा नमक, शक्कर) इसमें डालें और हिलाएं। 
 
एक चम्मच में घी गरम करके हींग व जीरे का छौंक तैयार करके रायते में डालें। अच्छी तरह मिलाएं और हरा धनिया डालकर पेश करें। 
 
 
*****
 
 

लाजवाब वासंती भात  


 
सामग्री :
250 ग्राम बासमती चावल, 1 चम्मच दूध, 1 कप शक्कर, 1 चम्मच इलायची पावडर, 4-5 लौंग व केसर के लच्छे, चुटकी भर मीठा पीला रंग, 1 चम्मच घी, पाव कप मेवों की कतरन।
 
विधि :
सबसे पहले चावल को उबाल कर ठंडे करके अलग रख लें। अब एक पैन में घी गरम करके लौंग, इलायची एवं मीठा रंग डालें। तत्पश्चात उबले चावल डालकर दो-तीन मिनट तक चलाएं। फिर इसमें शक्कर डालकर मिलाएं। पूरी तरह शक्कर घुलने पर उसमें दूध में घुली केसर एवं कटे मेवे डालकर हिलाएं। तैयार गरमा-गरम लाजवाब वासंती भात पेश करें।
ये भी पढ़ें
आरती : ॐ जय सरस्वती माता...