शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. »
  3. बॉलीवुड
  4. »
  5. हॉलीवुड से
Written By समय ताम्रकर

सीन पेन और केट विंसलेट को ऑस्कर पुरस्कार

सीन पेन और केट विंसलेट को ऑस्कर पुरस्कार -
समलैंगिकता के पक्षधर राजनेता का किरदार निभाने वाले सीन पेन को फिल्म 'मिल्क' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता तथा फिल्म 'द रीडर' में नाजी महिला के किरदार को जीवंत करने वाली केट विंसलेट को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के प्रतिष्ठित ऑस्कर पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

81वें अकादमी अवॉर्ड समारोह में पेन और विंसलेट ने अभिनय जगत के ये सर्वोच्च पुरस्कार हासिल किए। वर्ष 2004 में भी 'मिस्टिक रिवर' के लिए यह पुरस्कार जीत चुके पेन का यह दूसरा ऑस्कर है जबकि विंसलेट ने पहली बार यह प्रतिष्ठित पुरस्कार जीता है।

दिवंगत अभिनेता हीथ लेजर को भी फिल्म 'द डार्क नाइट' में जोकर की यादगार भूमिका के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का ऑस्कर प्रदान किया गया। ऑस्ट्रेलियाई अभिनेता लेजर का अधिक मात्रा में ड्रग सेवन के कारण मात्र 28 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था।

ऑस्कर पुरस्कारों के इतिहास में यह मात्र दूसरा मौका है जब किसी दिवंगत अभिनेता को पुरस्कार मिला है। वर्ष 1976 में फिल्म नेटवर्क के लिए पीटर फिंच को भी निधन के दो महीने बाद यह पुरस्कार मिला था।

सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार स्पेन की पेनेलोप क्रूज के खाते में गया। पेनेलोप ने फिल्म 'विकी क्रिस्टीना बार्सिलोना' में अपने दमदार अभिनय के लिए यह पुरस्कार जीता है।

इन पुरस्कारों को छोड़कर बाकी सभी वर्गां में फिल्म 'स्लमडाग मिलियनेयर' का जलवा छाया रहा। इस फिल्म को सर्वश्रेष्ठ पिक्चर और सर्वश्रेष्ठ निर्देशक 'डैनी बॉयल' समेत कुल आठ ऑस्कर मिले। इनमें भारतीय संगीतकार एआर रहमान को मिले दो ऑस्कर भी शामिल हैं।

विदेशी भाषा की फिल्म का ऑस्कर जापान की प्रविष्टि 'डिपार्चर्स' को मिला। एक बेरोजगार शास्त्रीय संगीतकार की कहानी पर केंद्रित इस फिल्म ने ऑस्कर जीतकर सबको आश्चर्यचकित कर दिया।