बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. लाइफ स्‍टाइल
  2. साहित्य
  3. काव्य-संसार
  4. Hindi Poem
Written By

हिन्दी कविता : तय होगा समय

हिन्दी कविता : तय होगा समय - Hindi Poem
उस दिन तय होगा समय 
जब पछाड़ खाता समुद्र 
एक दिन ठिठककर 
स्वाभिमान के नाम पर 
बाहर और भीतर के ऊहापोह में 
चुपके से भाप बन उड़ जाएगा। 


 
उस दिन तय होगा समय 
जब इठलाता बहकता बसंत 
एक दिन ठिठककर 
अस्मिता के नाम पर 
वन और नगर के ऊहापोह में 
चुपके से बिना संवरे सो जाएगा। 
 
उस दिन तय होगा समय 
जब शांत शीतल नदी 
एक दिन ठिठककर 
अनुभूति के नाम पर 
गांव और पहाड़ के ऊहापोह में 
चुपके से बहने की जिद छोड़ चुकेगी।
 
उस दिन तय होगा समय 
जब सभी मूल्यों का आटा
एक दिन ठिठककर 
भूख के नाम पर 
पेट और आत्मा के ऊहापोह में 
चुपके से गीला कर दिया जाएगा। 
 
उस दिन तय होगा समय 
जब सभी मूल्यांकन
एक दिन ठिठककर 
संभ्रांत बनने के नाम पर 
अभी और तभी के कील में 
चुपके से जोड़ दिया जाएगा। 
 
हां, उस दिन तय होगा 
हमारा समय।
 
- मोतीलाल
बिजली लोको शेड, बंडामुंडा 
राउरकेला : 770 032