बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. लाइफ स्‍टाइल
  2. सेहत
  3. यूँ रहें स्वस्थ
  4. आपकी लाइफ का फंडा क्या है?
Written By स्मृति आदित्य

आपकी लाइफ का फंडा क्या है?

हेल्थ और ब्यूटी आपके हाथ में

Health tips for youth | आपकी लाइफ का फंडा क्या है?
ND
एक बिंदास और स्मार्ट युवा लाइफ का यही फंडा है- खाओ, पियो और मौज करों। लेकिन जब इसी उम्र में चर्बी चढ़ने लगती है, जब इसी उम्र में सेक्सुअल डीसिज के आँकड़ें बढ़ने लगते हैं और जब इसी उम्र में टेंशन के मारे युवा नशे के शिकार होने लगते हैं तो चिंता स्वाभाविक है।

ऐसा नहीं है कि यह उम्र लापरवाह होती है। अगर ऐसा होता तो सिक्स पैक एब और जीरो फिगर की चाह में हमारा युवा जिम में मशक्कत नहीं कर रहा होता। सभी युवाओं की इच्छा होती है वह सुंदर दिखे, सेहतमंद रहे लेकिन साथ ही उत्साह, जोश और मस्ती भी तो इसी एज का असर है। वह कहाँ-कहाँ से बचें और कितना बचें। उम्र की सारी खुशियाँ बटोरते हुए भ‍ी हेल्थ और ब्यूटी पाई जा सकती है। पेश है सरल और सही उपाय आपके लिए।

लाइफ को समझें
इस उम्र में पेरेंट्स का रोकना-टोकना बुरा लगता है। लेकिन थोड़ा-सा समझें कि वे इस उम्र से गुजर चुके हैं। उन्हें हमसे ज्यादा अनुभव है। ठीक है, उनका जमाना और था, हमारा जमाना अलग है। पर सेहत की बात तो हर समय उतनी ही सही और सटीक होती है, जितनी हमारे शरीर लिए जरूरी है। हमें उनका कहा बुरा लगता है तो खुद सोचें कि क्या हम यूँ ही इस दुनिया से चले जाएँगे बिना अपने सपनों को साकार किए? नहीं ना? तो फिर सुबह जल्दी उठना, मॉर्निंग वॉक पर जाना, जिम जाना या जंक फूड ना खाना जैसी बातें हमें बुरी क्यों लगती है?

अगर हमें सपने पूरे करने हैं तो लंबे समय तक जीना होगा और जीने के लिए हेल्दी रहना होगा और हेल्दी रहने के लिए बस इन्हीं छोटी-छोटी बातों का पालन करना होगा। समझ गए ना? तो जियो जी भर के मगर सही तरीके से। अगर आपको पेरेंट्स की रोक-टोक पसंद नहीं तो अपने नियम खुद बना लें आखिर सेहत भी तो आपकी है।

अपने मन के राजा
यंगएज में हर बात पर उतावलापन, गुस्सा, तनाव, जोश, सब इसके शिकार होते हैं। लेकिन हमें यह तय करना है कि हमें इतना गुस्सा क्यों आता है, किस बात पर आता है और किस पर सबसे ज्यादा आता है? जब इनके जवाब खोज लें तो फिर यह तय करें कि आपके मन पर कौन राज करता है? इसे कुछ यूँ समझें कि अगर कोई व्यक्ति, वस्तु या परिस्थिति आपको गुस्सा दिला रही है तो इसका मतलब है अपने मन पर आपने किसी और को शासन करने की परमिशन दे रखी है। वो जब चाहे आपको गुस्सा दिला देता है। इन शॉर्ट किस बात पर कितना गुस्सा करना है यह कोई और नहीं बल्कि आप खुद तय करें। अपने मन के राजा आप खुद बनें। इससे कम से कम दस बीमारियों से आप दूर रहेंगे। ऐसा मेडिकल साईंस कहता है।

तीन बातों का समय निश्चित करें
खाना,नहाना और सोना अगर जीवन में सिर्फ इन तीन बातों का भी आपने समय डिसाइड कर लिया तो समझों आपकी आधी लाइफ सुधर गई। समय पर खाने से शरीर का मेटॉबॉलिज्म सुधरता है। समय पर नहाने से शरीर का एक सही चक्र बनता है। जो सारे दिन फ्रेशनेस देता है। समय पर सोने से ब्रेन एक्टिव और हेल्दी रहता है। ब्रेन को पर्याप्त आराम मिलेगा तो आपकी डिसीजन मैकिंग पॉवर स्ट्रॉंग होगी। अच्छी नींद, अच्छा खाना और अच्छे से नहाना ये बस सेहत के लिए ही नहीं सुंदरता के लिए भी जरुरी है।

ND
गलती करों लेकिन बस एक बार
इस दुनिया में ऐसा कोई नहीं जिससे गलतियाँ नहीं होती। लेकिन एक ही गलती को बार-बार करना गलत है। और इससे भी ज्यादा गलत है एक गलती को उम्र भर के लिए अपराध मान लेना। हर समय पश्चाताप की आग में जलना सही नहीं है। जिस दिन आपको यह एहसास हो कि आप गलत थे बस वही दिन आपका नया दिन है। पुरानी सब बातों, गलतियों और भूलों के लिए खुद को माफ करों। कहते हैं, जो एक बार गिरता है वह संभल कर चलना सीख जाता है।

इसलिए सब बातों पर धूल-मिट्टी डालों और आगे बढ़ जाओं। दुनिया आपको आपकी गलतियों के लिए माफ करें ना करें। आप खुद को माफ करें और जरुरत पड़ने पर खुद को ही सजा भी दें। लेकिन खुद पर दया ना करें ना ही खुद पर अत्याचार करें। यह दोनों बातें ही हेल्थ को नुकसान पहुँचाती है। सो, बी केयरफूल, हेल्थ इज वेल्थ।