मंगलवार, 23 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. लाइफ स्‍टाइल
  2. सेहत
  3. यूँ रहें स्वस्थ
  4. Spring Onion
Written By WD

जानिए, पोषक तत्वों से भरपूर हरे प्याज की खास खूबियां

जानिए, पोषक तत्वों से भरपूर हरे प्याज की खास खूबियां - Spring Onion
भोजन में अधिक से अधिक ताजी चीजों को शामिल करने की सलाह चिकित्सकों द्वारा दी जाती है। फलों और सब्जियों का भरपूर उपयोग कर विभिन्न प्रकार की बीमारियों को दूर रखा जाता है। हरी और ताजी चीजों के इस्तेमाल से स्वास्थ्य ठीक इसलिए रहता है क्योंकि इनमें जरूरी पोषक तत्व भरपूर मात्रा में होते हैं जिनकी हमारे शरीर को आवश्यकता होती है। 

ऐसे ही ताजी चीजों में हरी प्याज भी शामिल है जिसमें शरीर को स्वस्थ रखने की जबरदस्त क्षमता होती है। हरी प्याज को स्प्रिंग ओनियन भी कहा जाता है और इसमें कई प्रकार के विटामिन, मिनरल्स और फेटोकेमिकल्स ( phytochemicals ) होते हैं। इसे सलाद में मिलाकर और अन्य सब्जियों के साथ मिलाकर इस्तेमाल किया जा सकता है। 
 
हरे प्याज में मौजूद पोषक तत्वों के कारण यह कई प्रकार से फायदेमंद है। शरीर के लगभग हर हिस्से में हरे प्याज के सेवन से जबरदस्त लाभ होता है। इसमें कोलेस्ट्राल के स्तर को नियंत्रित करने का गुण होता है। इसके अलावा हरे प्याज से शरीर की पाचन क्षमता में जबरदस्त सुधार आता है और पेट संबंधी समस्याएं दूर होती हैं। इसमें होने वाले क्रोमियम के कारण हरा प्याज शरीर में एंटी-बैक्टेरिया के समान कार्य करता है।   

प्याज के असीमित गुणों से हम सभी वाकिफ हैं उसी प्रकार इसके ताजे स्वरूप हरे प्याज में संपूर्ण शरीर को स्वस्थ रखने का गुण होता है। हरे प्याज के नियमित इस्तेमाल से शरीर का इम्यून पावर बढ़ता है। इम्यून पावर मजबूत होने से चेहरे पर चमक आती और त्वचा स्वस्थ होती है। इसके अलावा बढ़ती उम्र के लक्षण जैसे झुर्रियों को भी आने से भी रोकता है। 
 
हमारे शरीर में विटामिन A की जरूरत रोडोप्सिन ( rhodopsin ) के निर्माण के लिए लगातार होती है। रोडोप्सिन आंखों के लिए ऐसा प्रोटीन होता है जिससे रेटिना के रिसेप्टर में रोशनी को समाहित करने की शक्ति आती है। ऐसे लोग जिनके भोजन में पर्याप्त मात्रा में विटामिन A शामिल नहीं है रात को देखने की क्षमता खो सकते हैं। इसके अलावा उनमें नेत्रों से जुड़े अन्य गंभीर लक्षण भी सामने आ सकते हैं जैसे कार्नियल अल्सर। एक हरे प्याज की डंडी में 24 माइक्रोग्राम विटामिन A होता है जिससे हरे प्याज के उपयोग से रेटिना को पर्याप्त मात्रा में विटामिन A की पूर्ति हो जाती है। 
 
हरे प्याज में एक लंबी श्रंखला में पोषक तत्व होते हैं। जिनमें विटामिन A के साथ विटामिन K शामिल है। एक हरे प्याज की डंडी में 20 माइक्रोग्राम विटामिन K और 1.6 मिलीग्राम विटामिन C होता है। एक स्वस्थ बड़े उम्र के आदमी के लिए, एक डंडी हरा प्याज उसकी दैनिक जरूरत का 16 प्रतिशत विटामिन A और K की पूर्ति कर देता है वहीं एक महिला के लिए यह प्रतिशत 22 है। विटामिन A और K एक स्वस्थ शरीर के लिए बहुत आवश्यक हैं। हड्डियों की मजबूती और विकास के लिए ये दोनों विटामिन जरूरी हैं। हरे प्याज में सूजन उतारने का भी गुण होता है और इसी वजह से यह गठिया जैसे रोगों में बहुत फायदेमंद है। 
 
विटामिन A और K न सिर्फ हड्डियों को मजबूती देते हैं बल्कि इनमें एंटी-ऑक्सीडेंट गुण भी होते हैं। शरीर के भीतरी हिस्से को साफ करने की भी क्षमता हरे प्याज में भरपूर है। इसके अलावा हरे प्याज में ह्रदय को स्वस्थ रखने का भी गुण होता है। इसमें मौजूद विटामिन C उच्च रक्तचाप से बचाव करता है जिससे ह्रदय संबंधी रोग दूर रहते हैं। 

हरे प्याज के सेवन के अलावा भी इसके अनेक फायदे हैं। कई ऐसे तरीके हैं जिनमें हरे प्याज के उपयोग से तुंरत राहत मिलती है। 
 
1. हिस्टीरिया के रोगी को होश में लाने के लिए प्याज सुंघाया जाना चाहिए। इससे तुंरत आराम मिलता है। 
 
2. युरिनरी दिक्कत होने पर भी हरा प्याज लाभकारी है। पेशाब आना रूकने पर प्याज को आटे में मिलाकर थोड़ा गर्म कर रोगी के पेट पर लगाने से मूत्रतंत्र खुलता है और समस्या से निजात मिलता है। इसके अलावा हरे प्याज को पानी में डालकर गर्म करके, छानकर पानी के सेवन से भी मूत्र निकास आसानी से होने लगता है। 
 
3. सर्दी होने पर भी प्याज का उपयोग लाभकारी है। प्याज को सलाद के तौर पर खाना चाहिए। 
 
4. जोड़ों में दर्द होने पर प्याज के रस को सरसों के तेल के साथ मिलाकर लगाने से लाभ होता है। 
 
5. हरे प्याज के रस को विभिन्न प्रकार के दर्द से निजात पाने जैसे सिर दर्द, कान में दर्द और कीड़े काटने पर भी लगाया जाना चाहिए। 
 
6. एड़ियों की दरारों को भरने के लिए भी हरे प्याज का पेस्ट बनाकर लगाना चाहिए। 
 
7. झड़ते बालों की समस्या से निपटने के लिए हरे प्याज को अपनाया जा सकता है। हरे प्याज के रस को सीधे सिर की त्वचा पर लगाना चाहिए। इससे बालों को मजबूती मिलती है। इसके अलावा बालों का रंग भी फिर से काला होने लगता है। 
 
हरी सब्जियों का उपयोग शरीर को स्वस्थ रखने के लिए प्रतिदिन किया जाना चाहिए। हरा प्याज ऐसी ही कारगर चीजों में शामिल हैं जिनमें कई सारी खूबियां छुपी हैं। इसे अपनाकर स्वस्थ रहना बेहद आसान है। तो अपनाइए हरा प्याज और हो जाइए तंदुरूस्त।