रविवार, 29 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. विधानसभा चुनाव 2019
  3. हरियाणा विधानसभा चुनाव 2019
  4. दिवाली के दिन होगा खट्टर सरकार का शपथ ग्रहण समारोह, इन्हें मिल सकता है मंत्री पद
Written By
Last Modified: शनिवार, 26 अक्टूबर 2019 (22:56 IST)

दिवाली के दिन होगा खट्टर सरकार का शपथ ग्रहण समारोह, इन्हें मिल सकता है मंत्री पद

Manohar Lal Khattar | दिवाली के दिन होगा खट्टर सरकार का शपथ ग्रहण समारोह, इन्हें मिल सकता है मंत्री पद
चंडीगढ़। भाजपा के 6 बार से विधायक अनिल विज, बनवारी लाल, सीमा त्रिखा और जजपा के राम कुमार गौतम और ईश्वर सिंह को नई सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी मिल सकती है। सूत्रों ने बताया कि भाजपा नीत गठबंधन सरकार को समर्थन दे रहे 7 निर्दलीय में से कुछ विधायक और दिवंगत देवी लाल के बेटे रंजीत सिंह चौटाला भी मंत्री पद की दौड़ में शामिल हैं।

नई सरकार दिवाली के दिन शपथ लेगी। खट्टर के नेतृत्व वाली पिछली सरकार में भाजपा के वरिष्ठ नेता विज स्वास्थ्य मंत्री थे और वे छठी बार अंबाला कैंट सीट से निर्वाचित हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक भाजपा विधायक महिपाल ढांढा, घनश्याम सर्राफ, कमल गुप्ता, सुभाष सुधा और दीपक मंगल भी मंत्री पद की दौड़ में शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने शनिवार को भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को अगली सरकार बनाने का न्योता दिया था। मनोहर लाल खट्टर और जननायक जनता पार्टी (जजपा) के नेता दुष्यंत चौटाला रविवार को क्रमश: मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

भाजपा विधायक दल के नेता चुने गए खट्टर ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह हरियाणा राज भवन में रविवार दोपहर 2 बजकर 15 मिनट पर शुरू होगा। यह पूछे जाने पर कि उनके मंत्रिमंडल में कौन-कौन शामिल होगा? खट्टर ने कहा कि इसका पता रविवार को चल जाएगा।

गौरतलब है कि हरियाणा की अगली सरकार बनाने के लिए भाजपा और जजपा के बीच शुक्रवार को करार हुआ था, क्योंकि विधानसभा चुनाव के नतीजों में भाजपा बहुमत से 6 सीट दूर थी। करार के तहत मुख्यमंत्री भाजपा का होगा जबकि उपमुख्यमंत्री का पद जजपा को मिलेगा।
ये भी पढ़ें
जम्मू कश्मीर में आतंकियों के ग्रेनेड हमले में 6 जवान घायल