राहुल महाजन का स्वयंवर

बहुत दिनों से इस बात की चर्चा थी कि राहुल महाजन भी राखी सावंत की तरह स्वयंवर रचाने वाले हैं और टीवी के जरिये वे अपनी दुल्हनियाँ चुनेंगे। अब यह खबर पक्की हो गई है। सूत्रों के मुताबिक अब जल्दी ही राहुल का स्वयंवर शुरू होने वाला है। इस स्वयंवर के नियम और कानून भी पिछले स्वयंवर की तरह ही होंगे। राहुल के लिए 16 लड़कियाँ चुनी जाएँगी। उनकी राहुल परीक्षा लेंगे और किसी एक को अपनी जीवन साथी चुनेंगे। राहुल इसको लेकर बेहद उत्साहित हैं। वैसे इस स्वयंवर को लेकर दर्शकों में उत्साह कम नजर आएँ क्योंकि पिछले स्वयंवर में जो वादा किया गया था, उसे निभाया नहीं गया। राखी ने स्वयंवर के दिन कहा कि उन्हें चुने गए दूल्हे इलेश पारुजनवाला को परखने के लिए कुछ समय और चाहिए। इस बात को भी काफी समय हो गया है, पता नहीं राखी उन्हें और कितना परखेंगी। वैसे खबर ये भी है कि राखी को अब इलेश पसंद नहीं हैं और वे उनसे पिंड छुड़ाना चाहती हैं।