कलर्स टीवी पर प्रसारित होने वाला धारावाहिक 'न आना इस देश मेरी लाडो' जो कि कन्या भ्रूण हत्या के बढ़ते मामलों पर आधारित है, इन दिनों अपने हर एपिसोड के साथ प्रसिद्धि पा रहा है। मेघना मलिक, जोकि इस शो में भले ही क्रूर व निर्दयी अम्मा जी की भूमिका निभा रही हैं, परंतु वास्तव में वे भारत के कई पिछड़े इलाकों में लड़कियों के साथ किए जाने वाले इस भेदभाव को अमानवीय कृत्य मानती हैं। वे कहती हैं 'वर्तमान के आधुनिक दौर में भी हमारे देश के कई गाँव ऐसे हैं, जिनमें कन्या भ्रूण हत्या का दुष्कृत्य आज भी जारी है। कुछ राज्य जैसे हरियाणा, राजस्थान आदि में आज भी लोग लड़की की बजाय लड़कों को ही तवज्जो देते हैं। इसी का ही परिणाम है कि आज देश में लड़कियों का घटता लिंगानुपात हमारे लिए चिंता का विषय बना हुआ है। मैं बहुत खुश हूँ कि मुझे ऐसे किसी शो का हिस्सा बनने का मौका मिला। जहाँ मैं कई लोगों तक एक साथ अपनी बात पहुँचाकर उन्हें सही-गलत के बारे में बता सकती हूँ।' यह पूछे जाने पर कि क्या कभी ऐसा नहीं लगता कि आप एक शैतानी व निर्दयी औरत के चरित्र को अभिनीत कर रही हैं। इस पर मेघना बोली कि 'मैं कठोर व क्रूर औरत के चरित्र को निभाने वाली उन सौभाग्यशाली औरतों में से एक हूँ जिसे आज तक किसी ने उठाकर यह नहीं कहा कि आप इतनी क्रूर व निर्दयी क्यों हैं? क्योंकि सभी जानते हैं कि मैं केवल परदे पर कठोर औरत के एक चरित्र को अभिनीत कर रही हूँ।' |