यूँ तो विभिन्न प्रकार के जानवरों को देखने और उनकी हरकतों से रूबरू होने रोजाना कई पर्यटक भोपाल के वन विहार में घूमने आते हैं। जब से यहाँ साइकल की सुविधा उपलब्ध हुई है, सेहत के फिक्रमंद लोग भी यहाँ साइकलिंग करते दिख जाते हैं। वन विहार आने वाले इन सभी पर्यटकों की एक ही शिकायत थी कि उन्हें 10 किलोमीटर वाले इस मार्ग में रिफ्रेशमेंट के लिए कुछ नहीं मिलता। ऐसे लोगों की शिकायत अब बस एक माह में दूर होने जा रही है। 15 जुलाई से वो पशु, पक्षियों को और प्रकृति निहारने का आनंद चिप्स, आइसक्रीम एवं कोल्ड ड्रिंग्स के साथ ले सकेंगे, क्योंकि वन विहार प्रशासन यहाँ दो वेंडर्स कियोस्क स्थापित करने जा रहा है। लोगों के सुझावों ने प्रेरित किया : वन विहार के डायरेक्टर एसएस राजपूत ने वेंडर्स कियोस्क के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि हम वन विहार घूमने आने वाले पर्यटकों से एक फार्म भरवाया करते थे, जिसमें वन विहार को और बेहतर बनाने के लिए पर्यटक हमें सुझाव दिया करते थे। जब हमने इन सुझावों पर गौर किया, तो पाया कि 90 प्रतिशत लोगों ने वन विहार परिसर में रिफ्रेशमेंट सामग्री न मिलने की शिकायत की है। इस शिकायत ने हमें वेंडर्स कियोस्क शुरू करने पर प्रेरित किया। फिलहाल हम दो वेंडर्स कियोस्क शुरू करने जा रहे हैं, जिसका रॉ स्ट्रक्चर तैयार किया जा चुका है।ठंडा, गर्म सब मिलेगा : 15 जुलाई से शुरू होने वाले इस वेंडर्स कियोस्क का रॉ स्ट्रक्चर तैयार कर लिया गया जिससे टेंडर बुलाने का काम शुरू किया जा सके। फिलहाल 2 कियोस्क लगाए जाएँगे। एक टाइगर ट्रेल के पास और दूसरा साँप बा़ड़े के समीप। दोनों ही कियोस्क पर ठंडा और गर्म पेय पदार्थों के साथ पेकेजड पानी, चिप्स, बिस्कुट, केक, आइसक्रीम आदि रिफ्रेशमेंट वाली खाद्य सामग्री मिला करेगी। |