- राजीव शर्मा साहिबाबाद शहर के बीचोबीच बसा इंदिरा प्रियदर्शनी पार्क कभी वीरान पड़ा रहता था मगर नगर निगम और निजी कंपनी की पहल से अब एक आदर्श पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित हो रहा है। परिवार सहित मनोरंजन के लिए यहाँ अनेक साधन जुटाए गए हैं। गर्मियों की छुट्टियों का मजा लेने के लिए हर रोज करीब एक हजार से ज्यादा लोग इस पार्क में पहुँच रहे हैं। बोटिंग के साथ एडवेंचर गेम्स की मौजूदगी की वजह से यह पार्क बच्चों में काफी लोकप्रिय हो रहा है। करीब 100 एकड़ क्षेत्रफल में फैले इस पार्क में 25 एकड़ में झील बनाई गई है। झील में बोटिंग के लिए 15 डिजाइनर बोट लगाई गई हैं। सुबह 9.30 बजे से शाम 7 बजे तक बोटिंग का मजा लेने बच्चों से लेकर बड़े-बुजुर्गों का यहाँ जमावड़ा लगा रहता है। राउंड झूला, कोलंबस सहित अनेक प्रकार के झूले बच्चों की मस्ती को बढ़ा देते हैं। झील के बीचोबीच एक टापू बनाया गया है। जहाँ बोटिंग के दौरान रुककर चॉय-काफी का मजा लिया जा सकता है। बच्चों के लिए बनाए गए एडवेंचर क्लब में बैलेंस बीम, कमांडो क्रॉल, स्पाइडर वेब, टॉयर ट्यूनल, टारजन स्विंग, कमांडो नेट आदि गेम्स बच्चों में रोमांच भर देते हैं। गेम्स को सिखाने के लिए पार्क में ट्रेनर भी रखे गए है। प्रत्येक दस बच्चों पर एक ट्रेनर की ड्यूटी लगाई जाती है। स्कूल, कॉलेजों और इंस्टिट्यूट के बच्चों के लिए पार्क में विशेष ऑफर शुरू किए गए हैं। जिसमें फन और मस्ती के साथ ही उनके खाने-पीने का भी पूरा इंतजाम किया गया है। स्कूली बच्चों को टिकट पर 50 फीसदी की छूट के साथ कोल्ड ड्रिंक व पेटीज का ऑफर भी दिया जा रहा है। शादी समारोह के लिए भी विशेष पंडाल बनाए गए हैं। वहीं रंगारग कार्यक्रमों के लिए ओपन थियेटर भी बनाया गया है। इसके अलावा घने छायादार पेड़ों से सजा ग्रीन एरिया अपनों के साथ बैठकर वक्त गुजारने के लिए यादगार जगह है। रेस्तरां का निर्माण भी किया जा रहा है। पार्क के महानिदेशक सिकंदर यादव का कहना है कि मौजूदा संसाधनों के अलावा बच्चों के लिए फन क्लब की स्थापना की जाएगी। स्काई ट्रेन, जंपिंग फ्राग, टॉय ट्रेन, फैमिली ट्रेन, रोड ट्रेन और विभिन्न तरह के झूले भी जल्द ही लगाए जाएँगे। इसके लिए अनेक कंपनियों से बातचीत की जा रही है। जल्द ही इन्हें लगाना शुरू हो जाएगा। पार्क में मिनी चिड़ियाघर व हर्बल पार्क बनाया जाना भी प्रस्तावित है। |