ये हैं जीवनरक्षक दवाएँ, मजबूत रस्सियाँ, सेटेलाइट फोन, शून्य से नीचे पारा चले जाने के बाद कामयाब रहने वाले दस्ताने, रेनकोट और बर्फ के ढेर में भी सीलन को पैरों तक न पहुँचने देने वाले जूते। इसके अलावा मजबूत जीप और मजबूत दिल वाले दोस्तों की टोली। आज के युवा पर्यटकों की यह जानी-पहचानी तस्वीर है। सिर्फ भारत ही नहीं, पूरी दुनिया में पर्यटन पर निकलने वाले ऐसे युवाओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
फ्लोटिंग, रिवर राफ्टिंग, हैली स्कीइंग और पैराग्लाइडिंग के अलावा आज का युवा पर्यटक धरती के गुरुत्वाकर्षण को भी ठेंगा दिखाना चाहता है। इसलिए वह अंतरिक्ष पर्यटन की भी ख्वाहिश रखता है। यह बात अलग है कि अंतरिक्ष पर्यटन बाकी किसी भी पर्यटन के मुकाबले कहीं ज्यादा महँगा है। इसके लिए तकरीबन 3 करोड़ डॉलर या 1 अरब 20 करोड़ रुपए होना जरूरी है। लेकिन अंतरिक्ष पर्यटन के लिए भी कोई इंतजार सूची छोटी नहीं है। अभी तक दुनिया की सिर्फ 3 एजेंसियाँ ही अंतरिक्ष की सैर करने की ख्वाहिश रखने वालों को वहाँ तक पहुँचा पाने में सक्षम हैं। इन एजेंसियों के पास ऐसे ख्वाहिशमंद सैलानियों की खासी लंबी सूची है, जिसके मुताबिक अगर वे सभी सैलानियों को अंतरिक्ष की सैर कराएँ तो कइयों का नंबर 5-6 साल बाद आएगा।
दुनियाभर में युवा सैलानी नए-नए रोमांच महसूस करना चाह रहे हैं। इसके लिए वे अपनी जान की बाजी तक लगाने को तैयार हैं। मसलन, कोस्टारिका में ऑरिनल ज्वालामुखी कभी भी फट सकता है और जब यह फटेगा तो इर्द-गिर्द कई किलोमीटर तक मौजूद हर चीज जलकर राखहो जाएगी। बावजूद इसके, यहाँ हमेशा सैकड़ों सैलानियों को मँडराते देखा जा सकता है। ये सैलानी धधकती धरती के किनारे खड़े होकर उसका लुत्फ लेना चाहते हैं।
कई सैलानी इस सुर्ख बन गई जमीन पर कच्चा अंडा फोड़कर आमलेट बनाते हैं और उसे खाकर अपने रोमांच की भूख को शांत करने की कोशिश करते हैं। हालाँकि यह संतरे के रंग का धधकता हुआ ज्वालामुखी केवल दूर से ही अच्छा लगता है या तस्वीरों में। इसके नजदीक पहुँचना तो अपने आपसे दुश्मनी निकालने जैसा है। फिर भी रोमांच के भूखे सैलानी जितना हो सकता है, वहाँ तक इसके पास जाते हैं।
रोमांच की भूख मिटाने का यह अकेला तरीका नहीं है। जिस तरह हर खुशी एक सीमा के बाद अपना रोमांच खो देती है, उसी तरह हर खतरा एक खतरनाक बिंदु के बाद अपने खतरे, अपनी दहशत को किसी हद तक सामान्य बना लेता है। लेकिन अगर आपसे कोई कहे कि शार्क के दाँत गिनने हैं तो क्या आप सहज रह पाएँगे? यह सोचना ही पूरे जिस्म में कँपकँपाहट भर देता है।
लेकिन कुछ खतरों के खिलाड़ी ऐसे हैं, जो दक्षिण अफ्रीका के अटलांटिक महासागर में शार्क के दाँत गिनने की खून जमा देने वाली वास्तविकता से रूबरू होते हैं। उस शार्क के, जिसके दाँतों में 73 हजार टन का समुद्री जहाज भी आ जाए तो वह उसे चकनाचूर कर सकती है। राफ्टिंग युवाओं के बीच तेजी से विकसित होता हुआ एक और रोमांचक पर्यटन है। इसमें तूफानी लहरों में अपने आपको छोड़ देना होता है, सिर्फ लाइफ बेल्ट के जरिए। भारत में ऋषिकेश के आगे बॉडी फ्लोटिंग तेजी से लोकप्रिय होता पर्यटन है।
आजकल कई लोग अलास्का और अंटार्कटिका में भी घूमने की योजना बनाते हैं। इन निर्जन जगहों में दूर-दूर तक सिर्फ बर्फ का रेगिस्तान नजर आता है। इसके बाद भी अगर बड़ी तादाद में पर्यटक बर्फ के इन रेगिस्तानों में आ रहे हैं तो कोई खोज अभियान दल के हिस्से के रूप में नहीं बल्कि घूमने-फिरने का भरपूर लुत्फ उठाने आ रहे हैं। इनके साथ बिना पहिए की गाड़ी होती है और वफादार कुत्तों की टोली। जी हाँ! इन कुत्तों की मदद से ये अनंत तक फैले बर्फ के रेगिस्तान में स्लेजिंग यानी बिना पहिए की गाड़ी में सैर करने का लुत्फ उठाते हैं।
|