इंदौर शहर से करीब 33 किलोमीटर की दूरी पर स्थित पातालपानी में अहिंसा पर्वत को एक ऐसे प्रोजेक्ट के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहाँ बेहतर जीवनशैली के साथ आध्यात्मिक सुख का लाभ भी उठाया जा सकेगा। प्रोजेक्ट की जानकारी देते हुए आर्किटेक्ट व इंजीनियर अशोक मेहता ने बताया कि इस प्रोजेक्ट पर करीब 2 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
इसका खास आकर्षण क्लाक टेम्पल होगा। इसमें वास्तु, अंकगणित, दिशा और ज्यामिती का खास ध्यान रखा गया है। 160×160 वर्गफुट के आकार में बनाए जा रहे इस टेम्पल में घड़ी के अंकों की तरह 12मंदिर (देवरे) बनाए जा रहे हैं। सभी में अलग-अलग देवताओं की प्रतिमा स्थापित की जा रही है जो कि सर्वधर्म समभाव की प्रतीक होंगी। यहाँ नेचरोपैथी सेंटर के साथ डेवलपमेंट सेंटर भी बनाए जा रहे हैं।
खंडाला की तरह प्रतीत होने वाले इस प्रोजेक्ट में एक व्यू पाइंट भी बनाया गया है, जहाँ से झरने और हरियाली से लदी पहाड़ी का दृश्य काफी मनोरम दिखाई देता है। शहर के प्रदूषण से दूर इस मनोहारी जगह पर व्यू पाइंट बनकर तैयार हो चुका है और क्लाक टेम्पल के लिए मूर्तियाँ भी मँगाई जा चुकी हैं। यहाँ जनता को निःशुल्क प्रवेश दिया जा रहा है।
|