मप्र सरकार राजस्थान की 'पैलेस ऑन व्हील' की तर्ज पर 'मालवा ओडिसी' नाम से एक लक्जरी ट्रेन चलाने के प्रस्ताव पर विचार कर रही है। यह ट्रेन राज्य के पर्यटनस्थलों को भोपाल से जोड़ेगी।
इस आशय का एक प्रस्ताव सबसे पहले इंडियन हेरिटेज होटल्स एसोसिएशन ने किया था। एसोसिएशन ने राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के तरीके सुझाने वाली एक विस्तृत रिपोर्ट पिछले हफ्ते ही मुख्यमंत्री श्री चौहान को सौंपी है।
एसोसिएशन ने पैलेस ऑन व्हील की तर्ज पर एक ट्रेन की आवश्यकता पर जोर दिया है, ताकि देशी और विदेशी पर्यटकों को आकर्षित किया जा सके।
यह ट्रेन उज्जैन, इंदौर, शिवपुरी, ग्वालियर, सतना और जबलपुर को भोपाल से जोड़ेगी। एसोसिएशन की साधारण सभा में उन पर्यटन स्थानों की सूची पेश की, जहाँ होटल्सऔर रिसोर्ट विकसित किए जाने हैं।
कुछ समय पूर्व मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली में रेलमंत्री श्री लालूप्रसाद यादव और पर्यटन मंत्री सुश्री अंबिका सोनी से मुलाकात के दौरान राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए केंद्रीय मदद की गुहार लगाई थी।
उन्होंने रेलमंत्री से राज्य के ऐतिहासिक महत्व के स्थानों के बीच रेल संपर्क मुहैया कराने का भी आग्रह किया था, ताकि पर्यटकों वहाँ आसानी से पहुँच सके। श्री चौहान ने कहा कि राज्य सरकार सड़क संपर्क सुधार कर पर्यटकों को सुविधा दे रही है।
साँची, खजुराहो, ग्वालियर, पचमढ़ी, जबलपुर, रीवा, टीकमगढ़, मांडू और मैहर सहित पर्यटन स्थल पर यातायात के साधनों को बढ़ाया जा रहा है। मालवा-ओडिसी में से ओडिसी नाम अमेरिकी अंतरिक्ष यान ओडिसी से लिया।
|