- सुनंदा राव भारतीय पर्यटकों को लुभाने के लिए लास वेगास की छवि थोड़ी बदलने की कोशिश की जा रही है। भारतीय परिवारों को लुभाने के लिए नए रेस्तराँ, बच्चों के लिए मनोरंजन की जगहों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। दुनिया में अगर कहीं, नाइट क्लबों की चकाचौंध और जुआघरों का असली मजा है तो वह है लास वेगास। खूबसूरत जुआघरों और पबों की एक झलक पाने के लिए दुनियाभर के लाखों लोग वहाँ एक बार जाने का सपना देखते हैं लेकिन अब लास वेगास अपने आपको बदल रहा है, भारतीयों के लिए। वर्ष 2006 से लेकर अब तक अमेरिका जाने वाले मध्यवर्गीय परिवारों की संख्या में 39 प्रतिशत वृद्धि हुई है। अमेरिका की यातायात उद्योग संस्था टीआईए के आँकड़ों के अनुसार 2007 में 5 लाख 67 हजार भारतीय अमेरिका गए लेकिन भारतीय पर्यटकों को लुभाने के लिए लास वेगास को अपनी छवि थोड़ी बदलनी होगी। वहाँ की टूरिस्ट अथॉरिटी संस्था की मैनेजर जेसी डेविस का कहना है कि परिवारों के साथ यात्रा कर रहे भारतीयों को लुभाने के लिए लास वेगास की जुए खेलने की जगह वाली छवि बदलने की कोशिश की जा रही है। साथ ही कई नए रेस्तराँ, बच्चों के लिए मनोरंजन की जगहों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। शॉपिंग मॉल और हेल्थ स्पा तो हैं ही, संगीत का आनंद भी वहाँ उठाया जा सकता है। एल्टन जॉन जैसे प्रसिद्ध पॉप सिंगर नियमित रूप से वहाँ कॉनसर्ट देते हैं और यह सब इतना महँगा भी नहीं है। एक पूरा परिवार 100 डॉलर में तीन रातों के लिए लास वेगास में रह सकता है। इस बीच लास वेगास, वह लास वेगास नहीं रहा जिसे 50 और 60 के दशक में केवल जुए और अंडरवर्ल्ड के लिए जाना जाता था। |