खिड़की से बाहर झाँकने पर समुद्र के पानी के रंग का बदलना आसानी से नजर आ रहा था। इतने में तेज हवा व बारिश भी आरंभ हो गई और दूसरी फैरी के कुछ दूर से गुजरने के कारण हमारी फैरी ने हल्का सा झटका खाया। रोजाना फैरी से यात्रा करने वालों के लिए यह सबकुछ सामान्य था परंतु कई वर्षों बाद फैरी में बैठने वालों के लिए यह अनुभव थोड़ा डराने वाला था। कूंग फू की फिल्म के स्टंट देखने के अलावा हमारे पास कोई चारा नहीं था।
यहाँ आने पर हमें एहसास हुआ कि हमें जो भी थोड़ी बहुत शॉपिंग करनी थी वह लंकावी में ही करनी थी क्योंकि यह ड्यूटी फ्री आईलैंड है। हमारे ग्राउंड हैंडलर (गाइड) ने जब हमें बताया कि अगर आपको मर्सिडीज खरीदना है तब यहीं से खरीदिए, सस्ती पड़ेगी लगभग 15 लाख रुपयों के आसपास।
यह आँकड़ा सुनकर आश्चर्य में पड़ जाना स्वाभाविक था परंतु गाइड महोदय ने काफी देर बाद बताया कि गाड़ी खरीदने के बाद आपको चलाना केवल लंकावी में ही है और सम्पूर्ण लंकावी के रास्ते दो घंटे की ड्रायविंग में तय किए जा सकते हैं। लंकावी से कार वर्षभर में केवल निर्धारित 30 दिनों तक के लिए ही मलेशिया के अन्य शहरों में ले जा सकते हैं। टुरिज्म मलेशिया द्वारा हमारे रुकने की व्यवस्था बरजाया लंकावी बीच एंड स्पॉ रिसोर्ट में की गई थी।
वेलकम ड्रिंक (मिक्स फ्रूट ज्यूस) लेने के बाद हमें यह बताया गया कि रूम्स समुद्र के किनारे बने हैं तथा सम्पूर्ण होटल में कई सौ कमरे हैं। होटल के रिसेप्शन से कमरे तक जाने के लिए शटल (बड़े आकार की रिक्शा) का प्रयोग करना पड़ता है और अगर रूम में आपने कोई सामान मँगवाया तो होटल के कर्मचारियों को मोटरसाइकल से आपके रूम में आना पड़ता है। होटल के सभी कमरे समुद्र तट के आसपास ही बने थे और कमरों के पास जंगल जैसा माहौल था। हमें पहले ही चेतावनी दे दी गई थी कि कमरे के आसपास बंदर भी हो सकते हैं। कमरे में पहुँचने के बाद इस बात का एहसास हुआ कि कमरे आधुनिक सुख-सुविधाओं से लैस थे। कमरे से बाहर का दृश्य आह्लादित करने वाला था। समुद्र तट के खूबसूरत नजारे आप देखते ही रहते हैं। रात्रि के समय खाना खाने पहुँचे तब पता चला कि होटल के कई रेस्टोरेंट्स में से एक बीच व्यूय रेस्टोरेंट में खाना खाने की व्यवस्था की गई हैं।
|