-अनुराग तागड़े सुंदर, अद्भुत, खूबसूरत- इन शब्दों को मलेशिया के लिए इस्तेमाल करना शायद यहाँ के प्राकृतिक सौंदर्य को कमतर आँकने जैसा होगा। इस देश को प्रकृति ने अपने हाथों से सजाया है। यहाँ आप आधुनिकता और नैसर्गिक खूबसूरती का संगम देख सकते है।
मलेशियाई अपने प्राकृतिक सौंदर्य के खजाने पर इठलाते हैं साथ ही इसे सहेजने की जिम्मेदारी भी वे बखूबी निभाते हैं। इस छोटे से देश में बेहतरीन समुद्र तट हैं तो बादलों के आगोश में आराम फरमा रहीं पहाडि़याँ भी हैं।
मलेशिया को विश्व के सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्थलों में शुमार करने के लिए मलेशियाई सरकार और यहाँ के लोगों ने काफी मेहनत की है। जिसके सुंदर परिणाम सारी दुनिया के सामने हैं। इस साल (सन 2007) मलेशिया सरकार विजिट मलेशिया वर्ष मना रही है।
मलेशिया के लिए हमारे सफर की शुरुआत मुंबई एअरपोर्ट से हुई जहाँ मलेशियन एयरलाइंस के विमान से 5 घंटे की उड़ान भरकर कुआलालम्पुर हवाई अड्डे पहुँचे। हम जैसे ही हवाई अड्डे से बाहर निकले हमें चहुँ ओर हरियाली ही हरियाली नजर आई। यह हरियाली पॉम के वृक्षों की थी। दरअसल मलेशिया में पॉम ऑइल का उत्पादन काफी ज्यादा मात्रा में होता है और देश में कई लाखों हैक्टेयर में पॉम ऑइल के पेड़ नजर आते हैं।
आकर्षण स्थलः- कुआलालम्पुर कुआलालम्पुर शहर में सड़कों का जाल बिछा हुआ है। सब कुछ इतना सुनियोजित है कि आगंतुक को कोई दिक्कत नहीं होती। शहर को जानने के लिए सबसे पहले हम पहुँचे इस्ताना निगारा। यह मलेशिया के राजा के रहने का स्थान है।
इसके बाद हम पहुँच गए मलेशिया की पहचान पेट्रोनस ट्वीन टॉवर के पास। ये दोनों टॉवर पहली ही नजर में भा जाते हैं और कुआलालम्पुर शहर में कहीं से भी थोड़ी सी ऊँचाई से नजर आ जाते हैं। 451.9 मीटर ऊँचे इन टॉवर्स में 86 मंजिलें हैं, परंतु पर्यटकों को 41वीं मंजिल पर स्थित पुल तक जाने दिया जाता है। इस हेतु कोई भी शुल्क नहीं लिया जाता और एक दिन में निश्चित संख्या में ही पर्यटक जा सकते हैं। पेट्रोनस टॉवर्स के पास ही कुआलालम्पुर सिटी सेन्टर पार्क बनाया गया है जिसमें 1900 से ज्यादा पॉम के पेड़ लगाए गए हैं।
इसके अलावा केएल टॉवर, केएलसीसी एक्वेरियम देखने लायक हैं। पाँच हजार स्के.फुट में फैले इस एक्वेरियम में 150 तरह की मछलियाँ हैं। इसमें एक 90 मीटर की टनल भी है जिसमें ऐसा एहसास होता है कि आप समुद्र के भीतर से ही इन्हें देख रहे हैं। इसके अलावा नेशनल प्लेनेटोरियम, आर्किड पार्क, बटरफ्लाई पार्क आदि भी काफी खूबसूरत हैं।
कुआलालम्पुर में शॉपिंग करने के लिए काफी सारे मॉल्स हैं। 3450000 स्के. फुट में फैले बरजाया टाइम स्क्वेअर मॉल मलेशिया का सबसे बड़ा मॉल है। इसमें विश्व के सर्वश्रेष्ठ ब्रांड्स उपलब्ध हैं।
|