जब बहुत बड़ी संख्या में विद्युतकण (इलेक्ट्रॉन) पृथ्वी की ओर बड़े वेग से चुंबकीय क्षेत्र से होकर निकलते हैं तो वातावरण की ऊपरी सतह पर रगड़ खाने से इसमें व्याप्त गैसें जलने लगती हैं और तरह-तरह के प्रकाश प्रकट होते हैं। इसे 'अरोरा बोरेलिस' कहते हैं। आल्टा के समीप ही चट्टानों पर बनाए गए करीब 3000 से 5000 वर्ष पुराने चित्रों का भंडार है।
एक रात्रि फिर समुद्र में चलते हुए अगले दिन हम लोग होनिंग्सवेग पहुँचे। यह गाँव संसार का सबसे उत्तरी गाँव है। गल्फस्ट्रीम के कारण इस सारे क्षेत्र में मौसम खुशनुमा रहता है। नॉर्थ केप मीगर द्वीप पर है, जो समुद्र तल से 1000 फीट की ऊँचाई पर है। यहाँ पर उत्तरी अटलांटिक सागर तथा आर्कटिक सागर मिलते हैं। यहाँ सारे संसार के बच्चों द्वारा प्रस्तुत एक स्मारक है जो आशा, मित्रता, आनंद व शांति का प्रतीक है।
दिनभर नॉर्थ केप के मनोहारी सौंदर्य का आनंद उठाने के पश्चात शाम को हमारी वापसी की यात्रा शुरू हुई। अगले दिन हम लोग ट्राम्सो पहुँचे। | आर्कटिक सर्कल एक काल्पनिक रेखा है। इस रेखा के उत्तर में गर्मियों में लगभग छः महीने अधिकांश दिन तथा सर्दियों में अधिकांश रात्रि रहती है। उत्तरायण सूर्य के समय 21 जून को यहाँ सूर्य नहीं छिपता है तथा चौबीसों घंटे दिन रहता है। |
| |
यह शहर आर्कटिक सर्कल के उत्तर में एक टापू पर बसा है तथा चारों ओर पहाड़ों, फ्यूर्डो तथी द्वीपों से घिरा है। ट्राम्सो के पास ही ऊँचे पहाड़ों पर जाने के लिए यहाँ केबल कार चलती है जो 420 मीटर की ऊँचाई तक जाती है।
अगले पूरे दिन हम समुद्र में ही चलते रहे तथा तीसरे दिन सुबह मोल्डे नगर पहुँचे। अगले दिन हम लोग ओल्डेन पहुँचे। यह गाँव नार्ड फ्यूर्ड के आंतरिक अंतिम मुहाने पर स्थित है, जो समुद्र तट से लगभग 100 किमी अंदर है। यह छोटा सा सुंदर गाँव है, जहाँ से कई ग्लेशियरों की यात्रा की जा सकती है। ब्रिक्सडलेन ग्लेशियर लाखों साल पुराना है। जोस्टेडल्सब्रीन ग्लेशियर उत्तरी योरप का सबसे बड़ा ग्लेशियर है।
रात्रिभर चलने के पश्चात हम लोग अगले दिन अपने अंतिम पड़ाव बर्गन पहुँचे। यह शहर सात पहाड़ों तथा अनेक फ्यूर्ड से घिरा है। यहाँ अक्सर बारिश होती रहती है, इसलिए यह कहावत प्रचलित है कि बर्गन में बच्चे छाता लिए हुए पैदा होते हैं। यहाँ के ब्राइगन घाट पर लकड़ी के अनेक सुंदर मकान हैं, जो मध्यकालीन युग की याद दिलाते हैं। सेंट मेरी चर्च बारहवीं सदी की सबसे पुरानी इमारत है।
|