- प्रियंका पाण्डेय
ग्लोबल वॉर्मिंग। यह शब्द पर्यवरण से जुड़ी हुई मात्र एक समस्या न होकर भविष्य के भयावह स्वरूप का परिचायक है। आज यह समस्या समूचे विश्व के लिए चिंता का गंभीर विषय है। इसलिए इस समस्या को विश्व के कुछ वैज्ञानिकों, पर्यावरणविदों और बुद्धिजीवियों के एक वर्ग से उठाकर आम जनता के बीच लाना अत्यन्त आवश्यक है। ऐसे में इस समस्या के प्रति जागरुकता फैलाने में मीडिया की अहम भूमिका है, जिसे नकारा नहीं जा सकता है।
पिछले कुछ सालों में हॉलीवुड ने इस दायित्व की पूर्ति करते हुए ग्लोबल वॉर्मिंग के प्रति जागरुकता फैलाने की दिशा में सराहनीय पहल की है। जहाँ एक ओर फिल्म उद्योग ने इस विषय पर कई फिल्में बनाकर दर्शकों मनोरंजक तरीके से इस समस्या से अवगत कराया है, वहीं दूसरी ओर फिल्म जगत ने अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर बड़े-बड़े समारोहों में इस मुद्दे को उठाया है।
हाल ही में हुए कांस फिल्म समारोह में हॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता लिओनार्डो डिकैपरियो ने भी अपनी डॉक्युमेंट्री फिल्म ‘द इलेवेंथ ऑवर’ के बारे में बताते हुए पर्यावरण पर इसके भयावह प्रभाव के विषय में चर्चा की है। यहाँ तक कि अपनी इस फिल्म का निर्माण भीवह इसी विषय को ध्यान में रखकर कर रहें हैं, जिसके अभिनेता और लेखक भी वह स्वयं ही हैं।
इतना ही नहीं यॉर्कशायर में होने वाले आगामी आईफा अवॉर्ड समारोह में भी इस मुद्दे को उठाने की कवायद की जा रही है। ऐसा माना जा रहा है कि इस समारोह की प्रबंधन समिति ‘ग्लोबल कूल’ नामक गैर-सरकारी पर्यावरण संस्था के साथ मिलकर, इस विषय को फिल्म जगत के अंतर्राष्ट्रीय पटल पर प्रस्तुत कर रही है।
|