- महेंद्र सांघी
समाचार पत्रों व टीवी पर चोरियों एवं डकैतियों की नित-नई खबरों पर सहसा विश्वास ही नहीं होता था। मगर अब खबर है कि सरकार ने भी मान लिया है कि शहर में अपराध बढ़ गए हैं, तो शक की गुंजाइश ही नहीं रही और मन में दहशत इस तरह घर कर गई मानो वर्षों पुराना किराएदार मकान पर कब्जा जमाए हुए हो। घर में ताला लगाकर थोड़ी देर के लिए बाहर गया तो ऐसा लगा मानों ताले को अंतिम बार साबुत देख रहा हूँ।
रात सपने में चोर डकैत अच्छी-खासी रिहर्सल करवा गए। श्रीमतीजी ने कामवाली बाई को सुबह जल्दी आने के लिए फुसलाया ताकि यदि वारदात हो जाए तो वह जल्दी शोर मचाकर बंधनमुक्त करवा सके।
अब जब पुलिस कप्तान ने कह दिया है कि चोर-डकैतों से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल नहीं है, तो लगा कि मुझे ही कुछ करना पड़ेगा। चूँकि मैं आइडिया मोबाइल इस्तेमाल करता हूँ अत: तुरंत ही आइडिया आ गया कि क्यों न चोर-डकैतों के लिए एक आचार संहिता बनाई जाए। | | समाचार पत्रों व टी.वी. पर चोरियों एवं डकैतियों की नित-नई खबरों पर सहसा विश्वास ही नहीं होता था। मगर अब खबर है कि सरकार ने भी मान लिया है कि शहर में अपराध बढ़ गए हैं, तो शक की गुंजाइश ही नहीं रही। |
| |
मेरे द्वारा प्रस्तावित आचार संहिता का पहला नियम यह होगा कि जिस तरह एक जंगल में दो शेर नहीं रह सकते, उसी तरह एक इलाके में चोर-डकैतों के दो गिरोह नहीं रहेंगे। गिरोह को पहले थाने जाकर पसंदीदा इलाकों की बोली लगानी होगी। ठीक उसी तरह खरीदना होगा, जिस तरह आई.पी.एल. में क्रिकेट खिलाड़ियों को खरीदा जा रहा है। एक मुश्त शुल्क देने के बाद गिरोह को हफ्ता नहीं देना पड़ेगा। इलाके में नया गिरोह वारदात न कर दे, इसकी चौकसी अधिकृत गिरोह को ही करनी होगी।
गिरोह इलाके के एक मोहल्ले में वारदात करने के बाद कम से कम एक माह तक नहीं लौटेगा, ताकि वहाँ के बाशिंदे पुलिस की तरह माह भर चैन से सो सकें। जिस घर में डकैती हो चुकी हो, उस घर के बाहर क्रॉस का निशान लगा देंगे, ताकि एक घर में दोबारा चोरी न हो।
गिरोह को यह सुविधा दी जाएगी कि वे दरवाजा या खिड़की तोड़कर भीतर प्रवेश करने के बजाए मुख्य द्वार से अपना परिचय देकर आएँगे। घर मालिक इसे अपनी नियति मानकर उसी प्रकार प्रेमपूर्वक उनका स्वागत करेगा, जिस तरह अपने मोबाइल पर अनधिकृत कॉल्स का करता है। मेजबान अपनी हैसियत तथा स्टेटस के अनुसार मेहमानों का चाय, ठंडा और ड्रायफ्रूट से स्वागत करने के बाद धंधे की बात करेगा।
|