निर्माता : नवमान मलिक - सलमान मलिक निर्देशक : राज एन. सिप्पी संगीत : आनंद राज आनंद कलाकार : मिमोह चक्रवर्ती, विवाना, राहुल देव, जुल्फी सईद, वल्लभ व्यास, विकास कलंत्री, शक्ति कपूर
मिथुन चक्रवर्ती के बेटे मिमोह चक्रवर्ती कई दिनों से अपनी पहली फिल्म के प्रदर्शन की बाट जोह रहे हैं। मिमोह का इंतजार समाप्त होने जा रहा है। 18 अप्रैल को उनकी पहली फिल्म ‘जिमी’ प्रदर्शित होने जा रही है। मिथुन को उम्मीद है कि उनके प्रशंसकों का प्यार मिमोह को भी मिलेगा।
जिमी (मिमोह चक्रवर्ती) कभी भी मेहनत से नहीं घबराता। अपने परिवार को सहारा देने के लिए वह दिन-रात मेहनत करता है। दिन के समय वह बतौर कार इंजीनियर का काम करता है तो रात में एक क्लब में वह डीजे के रूप में दिखाई देता है।
सीधी-सादी और सच्ची राह पर चल रहे जिमी की जिंदगी में एक ऐसी घटना घटती है कि उसकी जिंदगी की राह ही बदल जाती है। वह अब पहले जैसा जिमी नहीं रहा। उसके विचार पूरी तरह बदल जाते हैं। जिमी अब नए रास्ते पर चल पड़ता है। लेकिन जिमी का यह सफर आसान नहीं है। जहाँ इसके एक ओर कामयाबी है तो दूसरी ओर जोखिम। क्यों बदली जिमी की सोच? क्या जिमी यही चाहता था? क्या जिमी कामयाब हो पाएगा? जैसे सवालों के जवाब ‘जिमी’ फिल्म में मिल पाएँगे।
कैसे मिली मिमोह को पहली फिल्म? इस फिल्म का निर्माण नवमान मलिक और सलमान मलिक द्वारा स्थापित बैनर हाई डेफिनिशन मोशन पिक्चर्स द्वारा किया गया है। मिमोह को फिल्म में लेने की वजह बताते हुए नवमान का कहना है ‘मैंने सुन रखा था कि मिथुन अपने बेटे को फिल्मों में ला रहे हैं।
हमारी कहानी में एक नौजवान लड़के की जरूरत थी तो सोचा क्यों न मिमोह को लिया जाए। जब मिथुन से मुलाकात कर कहानी बताई गई तो उन्हें कहानी अच्छी लगी और मिमोह हमारी फिल्म में आ गए। जब नायक नया है तो नायिका भी नई होनी चाहिए।
नायिका के चयन के लिए अनुपम खेर के एक्टिंग स्कूल से संपर्क किया। विवाना वहीं पर अभिनय की तालीम हासिल कर रही थी और हमारी फिल्म के लिए वह एकदम उपयुक्त लगी। विवाना एक नामी मॉडल हैं और अक्षय कुमार तथा कैटरीना के साथ मॉडलिंग कर चुकी हैं।
फिल्म का नाम ‘जिमी’ क्यों? निर्माता नवमान मलिक के अनुसार इसके पीछे एक रोचक बात है। मिथुन चाहते थे कि इस फिल्म का नाम ‘जिमी’ रखा जाए। ‘डिस्को डांसर’ में मिथुन का नाम जिमी था। इस फिल्म में उन पर एक गीत ‘जिमी... जिमी... जिमी .... आजा, आजा, आजा’ फिल्माया गया था।
मिथुन को इस नाम और गीत से बेहद लगाव है। इसलिए उन्होंने अपने बेटे की पहली फिल्म का नाम ‘जिमी’ रखने का सुझाव दिया। यह नाम सुहैल खान ने रजिस्टर्ड करवा रखा था। जब मिथुन ने उनसे यह टायटल देने की विनती की तो सुहैल ने उन्हें यह नाम खुशी-खुशी दे दिया।
|