निर्माता : देवगन फिल्म्स निर्देशक : अजय देवगन गीतकार : मुन्ना धीमान संगीतकार : विशाल भारद्वाज कलाकार : अजय देवगन, काजोल, दिव्या दत्ता, सुमीत राघवन, ईशा श्रावणी, करण खन्ना
अजय देवगन और काजोल ने अब तक हलचल (1995), गुण्डाराज (1995), इश्क (1997), प्यार तो होना ही था (1998), दिल क्या करे (1999) और राजू चाचा (2000) में साथ काम किया है। दोनों की सातवीं फिल्म ‘यू, मी और हम’ 11 अप्रैल को प्रदर्शित होने जा रही है।
पिछले आठ वर्षों में काजोल की नायिका के रूप में एकमात्र फिल्म ‘फना’ प्रदर्शित हुई है, इसके बावजूद उनकी लोकप्रियता में कमी नहीं आई है। काजोल के प्रशंसक इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
अजय देवगन का निर्देशन, ‘यू, मी और हम’ की एक और खास बात है। भले ही अजय की निर्देशक के रूप में यह पहली फिल्म है, लेकिन दर्शक देखना चाहते हैं कि अजय ने किस तरह की फिल्म बनाई है। आमिर खान ने निर्देशक के रूप में अपनी परीक्षा पास कर ली है, अब अजय की बारी है।
अजय (अजय देवगन) और पिया (काजोल) की मुलाकात एक क्रूज़ पर होती है। पिया जब अजय को ड्रिंक पेश करती है, तब वह उसे पहली बार देखता है। अजय को शराब से भी ज्यादा पिया का नशा हो जाता है।
वह उसे देखते ही उसका दीवाना बन जाता है। कहने को तो वह मनोवैज्ञानिक है, लेकिन पिया उसके दिमाग में हलचल मचा देती है। पिया को प्रभावित करने के लिए अजय यथासंभव कोशिश करता है, लेकिन उसे प्रभावित करना इतना आसान नहीं है। वह अजय को पसंद तो करती है, परंतु निर्णय लेने के पहले थोड़ा समय चाहती है। दोनों के बीच एक बंधन बँध ही जाता है।
समुद्र के बीच दोनों की प्रेम कहानी शुरू हो जाती है, लेकिन लहरें उनके विपरीत जाती हैं। इसके बावजूद समुद्र सच्चे प्यार को दूर नहीं रख पाता है।
अजय और पिया ने अपने प्रेम की कोई यादगार चीज नहीं बनाई है। हो सकता है कि उनके नाम भी शीघ्र भुला दिए जाएँ। इसके बावजूद उन्होंने बहुत कुछ पा लिया। उन्होंने एक-दूसरे को दिल और आत्मा से प्यार किया और जीवन में इतना काफी होता है।
क्यों बनाई अजय ने ‘यू, मी और हम’?
|