निर्माता-निर्देशक : सुभाष घई गीत : इब्राहीम अश्क संगीत : सुखविंदर सिंह कलाकार : अनिल कपूर, अनुराग सिन्हा, शैफाली छाया, अदिति शर्मा, आकाश खुराना
निर्देशक के रूप में सुभाष घई की पिछली कुछ फिल्में असफल हुई हैं। सुभाष घई इस बार लीक से हटकर गंभीर फिल्म लेकर आ रहे हैं। ‘ब्लैक एंड व्हाइट’ में उन्होंने आतंकवाद जैसे संवेदनशील मुद्दे को नए दृष्टिकोण के साथ दिखाने का प्रयास किया है। इसमें दिखाया गया है कि किस तरह से कुछ कट्टरवादी लोग मुस्लिम युवकों को आतंकवादी बनने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
नुमैर काजी (अनुराग सिंह) इस कहानी का केन्द्रीय पात्र है। नुमैर की मुलाकात राजन माथुर (अनिल कपूर) से होती है। डॉ. जाकिर हुसैन कॉलेज में राजन उर्दू साहित्य के प्रोफेसर हैं। वे अपनी पत्नी रोमा माथुर (शैफाली शाह) के साथ दिल्ली के चाँदनी चौक में रहते हैं।
नुमैर अपने आपको गुजरात में हुए दंगों का शिकार बताता है और प्रोफेसर माथुर की हमदर्दी हासिल करने में सफल होता है। उसे पन्द्रह दिनों के लिए प्रोफेसर के घर पर रहने के लिए जगह मिल जाती है।
नुमैर की असलियत से प्रोफेसर माथुर अनभिज्ञ रहते हैं। असल में नुमैर का लक्ष्य दिल्ली में 15 अगस्त के कार्यक्रम में मानव बम बनकर विस्फोट करना है। उसे इस काम का जिम्मा एक आतंकवादी संगठन ने दिया है, जिसका उद्देश्य महज आतंक फैलाना है। नुमैर को 15 अगस्त के कार्यक्रम में प्रवेश के लिए पास चाहिए, जिसकी व्यवस्था प्रोफेसर माथुर करते हैं।
चाँदनी चौक में प्रोफेसर के घर रहने के दौरान नुमैर की मुलाकात कई लोगों से होती है। ये लोग आपस में प्यार से रहते हैं और नफरत का इनकी जिंदगी में कोई स्थान नहीं है। भिन्न धर्म के होने के बावजूद ये आपस में मिलकर सारे त्योहार मनाते हैं। शगुफ्ता, राहत सूफी और मियाँ से नुमैर बेहद प्रभावित होता है। शगुफ्ता एक आधुनिक मुस्लिम युवती है। मियाँ की उम्र 84 वर्ष है और अपने देश को वे बेहद चाहते हैं। राहत सूफी गायक है।
हमेशा आतंक फैलाने वाले लोगों के बीच रहने वाले नुमैर के लिए यह अनूठा अनुभव था। वह उनसे भावनात्मक रूप से जुड़ जाता है और उसे लगता है कि वह अपने उद्देश्य से भटक रहा है। भावनाओं को परे रख वह अपने आतंक फैलाने के उद्देश्य के प्रति एकाग्र हो जाता है। क्या वह बम विस्फोट करेगा? क्या वह प्रोफेसर माथुर के विश्वास को तोड़ेगा? क्या उसे यह महसूस होगा कि वह जिस राह पर चल रहा है वो गलत है? जानने के लिए देखिए ‘ब्लैक एंड व्हाइट’।
|