‘खोसला का घोसला’ और ‘भेजा फ्राई’ जैसी फिल्मों में अभिनय से लोकप्रियता हासिल करने वाले कलाकार विनय पाठक कहते हैं कि वे एक ही तरह के किरदार नहीं करना चाहते हैं और एक अभिनेता के रूप में हर तरह की भूमिका निभाना चाहते हैं।
जो लायक लगता है उसे अपनाता हूँ ‘‘फिल्म जगत में एक चलन है कि जिस किरदार में कलाकार की लोकप्रियता बढ़ जाती है लोग उसे उसी शैली में बाँधकर देखने लगते हैं। मैं एक कलाकार हूँ इसलिए किसी एक किस्म के किरदार तक सीमित नहीं रह सकता। मुझे जो भी प्रस्ताव मिलता है और उसमें मुझे जो अपने लायक लगता है, उसे अपनाता हूँ। मैं कहानी, अपना किरदार और फिल्मकार सभी को देखता हूँ फिर खुद को लुभाने वाली भूमिका को ही अपनाता हूँ। जो रोल पसंद नहीं आता उसमें बिल्कुल भी रुचि नहीं लेता।’’
रात गई बात गई मेरी आगामी फिल्म ‘रात गई बात गई’ का प्रदर्शन 11 दिसंबर को होगा। इसका निर्देशन सौरभ शुक्ला ने किया है। इसमें मेरे साथ नेहा धूपिया, नवनीत निशान, दलीप ताहिल, रजत कपूर आदि कलाकार काम कर रहे हैं। फिल्म तीन जोड़ों की कहानी और आधुनिक समय के वैवाहिक जीवन के इर्द गिर्द घूमती है। मैं एक साधारण भारतीय पुरुष का किरदार कर रहा हूँ जो अपनी पत्नी से छिपकर कुछ-कुछ करता है, साथ ही अपनी छवि को भी बनाए रखने की कोशिश करता है।’’
थिएटर सबसे लोकप्रिय माध्यम फिल्मों और छोटे पर्दे पर काम करने के अलावा मैं रंगमंच से भी करीब से जुड़ा हुआ हूँ। थिएटर अभी भी सबसे लोकप्रिय माध्यम है। फिल्मों और रंगमंच की अपनी-अपनी अलग चुनौतियाँ हैं।
विनय पाठक छोटे पर्दे पर अपने साथी कलाकार रणवीर शौरी के साथ ‘रणवीर विनय और कौन’ तथा ‘हाउस अरेस्ट’ में दिखाई दे चुके हैं। इससे पहले वे युवाओं के बीच लोकप्रिय रहे धारावाहिक ‘हिप हिप हुर्रे’ में एक शिक्षक की भूमिका भी कर चुके हैं।