‘गजनी’ के जरिये आमिर खान ने एक शुद्ध कमर्शियल एक्शन फिल्म की है और फिल्म ने रेकॉर्ड तोड़ शुरुआत की है। इससे आमिर बेहद खुश हैं और उन्हें लोगों की प्रतिक्रियाओं का इंतजार है। पेश है आमिर से बातचीत :
एक ऐसा किरदार जो अपने मुँह के बजाय आँखों से ज्यादा बोलता है, निभाना कितना कठिन था? बेहद कठिन।
आमतौर पर फिल्म नायक या नायिका के नाम पर आधारित होती है। गजनी का नाम फिल्म के विलेन पर क्यों रखा गया? फिल्म को ‘गजनी’ इसलिए कहा गया क्योंकि हीरो के पास यही एकमात्र क्लू रहता है, जिसे वह ढूँढकर मारना चाहता है।
‘गजनी’ करने की प्रेरणा आपको कहाँ से मिली? तमिल फिल्म ‘गजनी’ के हीरो सूर्या से। उन्होंने बहुत शानदार काम किया है। फिल्म देखने के बाद मैं सोच में पड़ गया था कि फिल्म करूँ या नहीं। सूर्या ने मुझसे कहा कि मैं यह रोल कर सकता हूँ और मैंने हाँ कह दिया।
सलमान ने ‘गजनी’ पर कुछ पेंटिंग्स बनाकर आपको भेंट की है। क्या कहेंगे इस बारे में? सलमान ने मेरा दिल जीत लिया है। सलमान इतने अच्छे कलाकार हैं ये मैंने उनका काम देखकर ही जाना। उन्होंने ‘गजनी’ पर बहुत उम्दा पेंटिंग्स बनाई हैं।
कहा जा रहा है कि सलमान के साथ मिलकर आप शाहरुख खान के खिलाफ एक टीम बना रहे हैं? ये सब झूठ है। शाहरुख और सलमान दोनों मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं। कैम्प या टीम जैसी कोई बात नहीं है।
अनुष्का और असीन ने इस वर्ष अपनी शुरुआत की है। दोनों में नवोदित अभिनेत्री का पुरस्कार किसे मिलेगा? किस अवॉर्ड की बात कर रहे हैं! जनता के सिवाय और कोई पुरस्कार नहीं देता।
आपके मुताबिक बॉलीवुड में किसकी बॉडी सबसे अच्छी है? अभिनेताओं में जॉन अब्राहम और रितिक रोशन। अभिनेत्रियों में करीना कपूर।