कंपोजर से गायक बने हिमेश रेशमिया अब एक्टिंग में भी कदम जमा रहे हैं। फिल्म ‘आपका सुरूर’ के बाद उनकी ‘कर्ज’ रिलीज हई है। सुभाष घई की फिल्म ‘कर्ज’ के रीमेक में हिमेश ने ऋषि कपूर वाला ‘मोंटी’ का किरदार निभाया है।
हिमेश के पास अभी कई फिल्मों के ऑफर्स भी हैं। वर्ष 2009 में उनकी कई फिल्में रिलीज होने वाली हैं। पेश है आपके लिए हिमेश से एक खास बातचीत :
संगीत से अभिनय तक के सफर के बारे में कुछ बताइए। म्यूजिक कंपोजिंग मेरा शौक है और शौक को ही प्रोफेशन बना लिया। मेरे खून में संगीत है। आने वाले दिनों में मेरी पाँच फिल्में रिलीज होने वाली हैं। ‘मुड़-मुड़ के न देख’, ‘कजरारे’, ‘ए न्यू लव स्टोरी’, 'हे गज्जू' , ‘इश्क अनप्लग्ड’। पूजा भट्ट, सतीश कौशिक, जॉन मैथ्यू, भूषण कुमार इन सबके साथ मैं काम कर रहा हूँ।
अभिनय की प्रेरणा कहाँ से मिली? ‘आपका सुरूर’ के बाद मन में अभिनय की चाह जागी। समीक्षकों ने भी मेरी तारीफ की। इसके बाद मैंने अभिनय के बारे में गंभीरता से सोचा।
क्या आप खुद की फिल्मों के अलावा किसी अन्य फिल्म में संगीत नहीं देंगे? हाँ। साल में पाँच फिल्में रिलीज होती हैं। पाँच फिल्मों के बनने में ही समय चला जाता है। दूसरों की फिल्मों में संगीत देने के लिए समय ही नहीं होता।
आपकी फिल्मों में हमेशा नए चेहरे ही दिखते हैं। मैं स्थापित नायिकाओं के साथ भी एक्टिंग करने वाला हूँ। किसके साथ करूँगा यह अब तक फाइनल नहीं है।
समीक्षकों की राय में आप नाक से गाते हैं, यह सुन के आपको कैसा लगता है? मैंने इसको स्वीकार कर लिया है।
अगर आप कंपोजर या एक्टर नहीं होते तो आप किस प्रोफेशन को अपनाते? संगीत, गायन और अभिनय के बगैर मैं सोच भी नहीं सकता हूँ। इसलिए इस बारे में कुछ कहना नहीं चाहता।