अभिनय के साथ-साथ सुनील शेट्टी निर्माता भी बन गए हैं। उनके बैनर तले बनी फिल्म ‘ई.एम.आई.’ (इज़ी मंथली इंस्टॉलमेंट) 7 नवंबर को प्रदर्शित होने जा रही है। संजय दत्त, उर्मिला मातोंडकर, अर्जुन रामपाल, मलाइका अरोरा खान ने फिल्म में मुख्य भूमिकाएँ निभाई हैं। पेश है सुनील से बातचीत :
ईएमआई बनाने का विचार कैसे आया? मुझे कहानी अच्छी लगी क्योंकि यह सभी पर लागू होती है। जब से क्रेडिट कार्ड कंपनियाँ भारत में आई हैं, लोगों ने इसका उपयोग शुरू कर दिया है, बिना यह जाने कि इसका उनकी जिंदगी पर क्या असर होगा। फिल्म में सत्तार भाई नामक रिकवरी एजेंट भी है। जब मैंने इस किरदार के बारे में सुना तो लगा कि संजय दत्त से बेहतर इसे कोई नहीं निभा सकता। लोग उन्हें पसंद करेंगे।
ईएमआई एक गंभीर मुद्दा है, लेकिन फिल्म उतनी गंभीर नहीं लग रही है? ऐसा नहीं है। प्रोमो देख ऐसा लग रहा है कि फिल्म में बहुत ज्यादा हास्य होगा। फिल्म मुख्यत: संजय दत्त के किरदार के इर्दगिर्द घूमती है। वह रिकवरी करने के लिए लोगों की पिटाई करता है, लेकिन धीरे-धीरे उसे यह अहसास होता है कि हर परिवार की अपनी परेशानियाँ हैं।
PR
इसका मतलब फिल्म में संदेश भी हैं। इसीलिए तो इस फिल्म का निर्माता बना हूँ। आपने इस फिल्म में अभिनय क्यों नहीं किया? प्रोडक्शन और अभिनय को मैं बिलकुल अलग-अलग रखना चाहता हूँ। मैं नहीं चाहता कि लोग यह कहें कि यह मेरी फिल्म है, इसलिए मैंने अपनी भूमिका सशक्त रखी है या प्रमोशन में मैं ज्यादा नजर आ रहा हूँ। वैसे भी दोहरी भूमिका निभाना कठिन होता है। बतौर निर्माता फिल्म की बेहतरी के लिए ज्यादा सोच सकता हूँ।
भविष्य में क्या निर्देशन करना भी पसंद करेंगे? बिलकुल करूँगा। फिलहाल कई काम एक साथ कर रहा हूँ, इसलिए अभी यह संभव नहीं है।
PR
फिल्म के बारे में कुछ बताइए। फिल्म में कई तरह के किरदार हैं, जो पैसा लेकर फँस जाते हैं। आशीष चौधरी और नेहा ओबेरॉय शादी के बाद घर, कार और हर जरूरत की चीज क्रेडिट कार्ड के जरिए खरीद लेते हैं और मुसीबतों से घिर जाते हैं। पुष्कर नामक लड़का विदेश जाना चाहता है, परंतु उसके पिता के पास पैसा नहीं है। उसके पिता लोन लेकर उसे विदेश भेजते हैं, लेकिन वह वहाँ से खाली हाथ लौट आता है। उनके सामने सवाल आ खड़ा होता है कि ईएमआई कैसे चुकाएँगे? कुछ इसी तरह के अर्जुन रामपाल, उर्मिला और मलाइका के किरदार हैं।
और कौन-सी फिल्में बना रहे हैं? मुंबई ट्रेन विस्फोट पर ‘ए लिटिल गॉडफादर’ बना रहा हूँ, जो एक भावनात्मक फिल्म है। ‘मुंबई चकाचक’ एक ऐसे व्यक्ति की कहानी है, जो मुंबई को साफ और स्वच्छ देखना चाहता है। अभिनेता के रूप में इंद्र कुमार की फिल्म ‘डैडी कूल’ कर रहा हूँ।