मुख पृष्ठ > मनोरंजन > बॉलीवुड > मुलाकात > मैं हूँ ‘सिंह इज़ किंग’ का किंग : सोनू सूद
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
मैं हूँ ‘सिंह इज़ किंग’ का किंग : सोनू सूद
समय ताम्रकर
Sonu
PR
बॉलीवुड में आए सोनू सूद को लगभग ह वर्ष हो गए हैं, लेकिन ‘जोधा अकबर’ फिल्म में ऐश्वर्या के भाई का किरदार निभाकर उन्होंने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। पंजाब के रहने वाले सोनू ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। फैक्टरी खोलते-खोलते फिल्मों का आकर्षण उन्हें मुंबई ले आया। गैर फिल्मी-परिवार से आए सोनू ने धीरे-धीरे अपनी पहचान बना ली है। पेश है सोनू से बातचीत :

करियर के आरंभ में आप नायक की भूमिकाओं में नजर आए और अब चरित्र अभिनेता के रूप में भी दिखाई देने लगे हैं। इस बदलाव की वजह?
सिनेमा में इन दिनों बदलाव आने लगा है और नायक के साथ-साथ अन्य भूमिकाएँ भी सशक्त होने लगी हैं। मुझे बड़े निर्देशकों के साथ काम करने का अवसर मिल रहा है। उन फिल्मों में मेरी भूमिका उम्दा है। वैसे नायक के रूप में भी मेरी फिल्में आ रही हैं।

‘सिंह इज़ किंग’ में आपकी भूमिका क्या है?
इस फिल्म में मैं किंग बना हूँ और अक्षय कुमार सिंह। ज्यादा तो नहीं बताऊँगा, लेकिन फिल्म बहुत उम्दा बनी है और सभी को पसंद आएगी।

अक्षय कुमार जैसे सुपरस्टार के साथ काम करना कैसा लगा?
अक्षय और मैं दोनों पंजाबी हैं, इसलिए हम दोनों के बीच अच्छी ट्यूनिंग हो गई। दोनों मिलकर खूब धूम मचाते थे। हम दोनों फिटनेस को लेकर बेहद सजग हैं। ऑस्ट्रेलिया में जब इस फिल्म की शूटिंग चल रही थी, तब एक 90 मंजिल ऊँची इमारत में रोजाना हम सीढि़यों से चढ़कर ऊपर जाते थे और फिर नीचे आते थे। सह-कलाकार अच्छा हो तो काम करने में आनंद आता है।

राजश्री प्रोडक्शन की आगामी फिल्म ‘एक विवाह ऐसा भी’ में आप नायक हैं। इस प्रतिष्ठित बैनर के साथ काम करने का अनुभव कैसा रहा?
राजश्री वालों में फिल्म बनाने का जो जुनून है, वह मुझे कहीं और नजर नहीं आया। शूटिंग के पहले वे सारा होमवर्क करते हैं और पूरी तैयारी होने के बाद ही शूटिंग की जाती है। शायद यही उनकी सफलता का राज है। इस फिल्म की कहानी भोपाल की है, जहाँ हमने शूटिंग की। यह रिश्तों पर आधारित फिल्म है।

क्या सूरज बड़जात्या सेट पर आते थे?
सूरजजी रोजाना आते थे और लगातार अपनी ‍प्रतिक्रियाएँ मुझे भेजते रहते थे। उनका कहना है कि ‘मैंने प्यार किया’ के बाद यह उनकी दूसरी ऐसी फिल्म है, जिसे ट्रायल के दौरान बेहद पसंद किया गया है। नवंबर में यह फिल्म प्रदर्शित होगी। राजश्री वालों के साथ काम करके मेरा सपना पूरा हुआ है।

आप दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी बेहद व्यस्त रहे हैं?
मैंने दक्षिण भारत की 25 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। चिरंजीवी, रजनीकांत और नागार्जुन जैसे स्टार्स के साथ मैंने फिल्में की, जिनमें से अधिकांश हिट रहीं।

भाषा की समस्या नहीं आई?
शुरू में आती थी, लेकिन धीरे-धीरे मैंने तमिल और तेलुगू सीख ली। मेरा मानना है कि यदि भाषा का आपको ज्ञान हो तो अभिनय निखरता है।

Sonu
PR
मणिरत्नम, अनीस बज्मी, आशुतोष गोवारीकर जैसे निर्देशकों के साथ काम किया है। आप किससे प्रभावित हुए?
आशुतोष गोवारीकर।

आपकी आने वाली फिल्में?
सिंह इज़ किंग, एक विवाह ऐसा भी, ढूँढते रह जाओगे के अलावा जे.पी. दत्ता भी मुझको लेकर दिसम्बर से एक फिल्म शुरू करने जा रहे हैं।
और भी
मल्लिका ने रणवीर को 99 थप्पड़ लगाए हैं : सचिन खोट
मैंने अपनी फिल्म के पोस्टर्स चिपकाए थे : आमिर
फिल्मों को प्रमोट करना जरूरी है : अमिताभ
शिल्पा अभी शादी नहीं कर रही हैं : शमिता शेट्टी
कम और अच्छा काम करना चाहती हूँ : अमीषा
‘रॉक ऑन’ के इंतजार में प्राची देसाई