मुख्य पृष्ठ > मनोरंजन > बॉलीवुड > मुलाकात
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
मैं उन्हें मिथुन कहकर बुलाता हूँ : मिमोह
Mimoh
PR
मिथुन के बेटे मिमोह चक्रवर्ती की पहली फिल्म ‘जिमी’ शीघ्र ही प्रदर्शित होने जा रही है। मिमोह को लेकर पहले ‘ही’ बनाने की घोषणा हुई थी। दुर्भाग्यवश उनकी वो फिल्म बंद हो गई। ‘जिमी’ अरसे से तैयार है, लेकिन उसकी प्रदर्शन की तिथि लगातार बढ़ती जा रही है। मिमोह को उम्मीद है कि मई महीने में उनकी यह फिल्म सिनेमाघरों में दिखाई देगी। पेश है मिमोह से बातचीत :

आपकी पहली फिल्म के रूप में ‘ही - द ओनली वन’ शुरू हुई थी, लेकिन अब ‍’जिमी’ आपकी पहली फिल्म के रूप में कैसे प्रदर्शित हो रही है?
‘ही’ मेरी पहली फिल्म थी, लेकिन निर्माताओं के बीच हुए विवादों की वजह से फिल्म बंद हो गई। ‘जिमी’ मैंने ‘ही’ के पहले साइन की थी। ‘ही’ बंद होने के बाद मैंने पूरा ध्यान ‘जिमी’ पर लगाया और अब यह फिल्म प्रदर्शन के लिए तैयार है।

मिथुन के बेटे होने के नाते आप किसी बड़े बैनर से भी अपना करियर शुरू कर सकते थे। ‘जिमी’ के निर्माता नए हैं। इस बारे में आप क्या कहना चाहेंगें?
मिथुन ने भी अपनी शुरुआत ‘मृगया’ जैसी छोटी फिल्म से की थी और बाद में वे बड़े स्टार बने। मिथुन ने मुझे सलाह दी कि मैं अपनी शुरुआत छोटी फिल्म से करूँ। यह फिल्म अगर थोड़ी-बहुत भी चलती है तो इसका श्रेय मुझे मिलेगा।

मिथुन ने आपको और क्या सलाह दी?
अपने अनुभवों के आधार पर उन्होंने मुझसे कहा कि अपने आपको ज्यादा होशियार मत समझना। जैसा निर्देशक कहें वैसा ही करना और हर किसी के साथ इज्जत से पेश आना। कई बार वे मुझसे मजाक भी करते थे। वे कहते कि शुक्र है कि तेरा रंग तेरी माँ पर गया है। अगर तू मेरी तरह साँवला होता तो फिल्मों में बीस वर्ष तक संघर्ष करना पड़ता।

‘जिमी’ की कहानी के लिए क्लिक करें

आप अपने पिता को मिथुन क्यों कहते हैं?
जब मैं चार वर्ष का था, तब तक मुझे बोलना नहीं आता था। इस वजह से मेरे माता-पिता खूब परेशान रहते थे। एक दिन मिथुन मेरे पास आए और बोलने लगे ‘मि...’, किसी तरह मैंने यह शब्द बोला। दो-तीन दिन तक वे मुझसे यही शब्द बुलवाते रहे। बाद में थु और न की बारी आई। मेरे मुँह से ‘मिथुन’ सुनकर वे बेहद खुश होते थे। मैं इस तरह से उन्हें मिथुन कहकर ही बुलाने लगा। मेरी देखादेखी मेरे भाई-बहन महाक्षय, रिमोह, नमोशि और दिशानी भी उन्हें मिथुन ही कहते हैं। कोई भी उन्हें पापा या बाबा कहकर नहीं बुलाता।

मिथुन की तुलना में आप खुद को कहाँ पाते हैं?
डांस में मुकाबला कर सकता हूँ, लेकिन अभिनय के मामले में अभी उनसे पीछे हूँ।

आपको व आपके पिता को साथ लेकर किसी फिल्म का प्रस्ताव मिला है?
कई लोग ऐसी पेशकश कर चुके हैं, परंतु मैं खुद नहीं चाहता कि उनके साथ आऊँ। अभी मैं उनके साथ आने के लिए तैयार नहीं हूँ। जिस दिन लगेगा कि मैं तैयार हूँ, मैं फिल्म करने के लिए हाँ कह दूँगा।

Mimoh-Vivana
PR
मिथुन कला फिल्मों में भी नजर आए। क्या आपकी रुचि भी कला फिल्मों में है?
पहली फिल्म ‘मृगया’ के जरिये मिथुन को राष्ट्रीय पुरस्कार जरूर मिला था, लेकिन काम नहीं। भूखे रहने की नौबत आन पड़ी थी। इससे सबक सीख उन्होंने मसाला फिल्मों में काम किया। खुद को स्थापित करने के 15 वर्ष बाद उन्होंने ‘तहादेर कथा’ जैसी कला फिल्म में काम किया। मिथुन ने अपने जीवन की यह कहानी इस सीख के साथ कई बार मुझे सुनाई है कि पहले खुद को स्थापित करना और बाद में फिल्मों में नए प्रयोग करना।

आपकी आने वाली फिल्म?
हेमिल्टन पैलेस, लूट, इंडिया रॉक्स और जनरेशन नेक्स्ट।
और भी
‘टशन’ मेरे लिए विशेष फिल्म है : करीना कपूर
मेरा ‘टशन’ है दो जोड़ी जींस : अनिल कपूर
मैं भी एक क्रेजी़ इंसान हूँ : सुरेश मेनन
‘शौर्य’ को दर्शक पसंद करेंगे : समर खान
रितिक ने मेरा मार्गदर्शन किया : राजेश रोशन
’रेस’ लार्जर देन लाइफ फिल्म है : अब्बास-मस्तान