सुंदरता की परिभाषा का दूसरा नाम हॉलीवुड में मर्लिन मुनरो को कहा जाता है। मर्लिन का नाम जेहन में आते ही वह फोटो याद आता है जिसमें वह तेज हवा के झोंके में अपने स्कर्ट को संभालती है। बाद में इस शॉट को न जाने कितनी हॉलीवुड, बॉलीवुड की फिल्मों और विज्ञापनों में भुनाया गया। इस शापित सुंदरी की मौत कम उम्र में हो गई थी। पर इतनी सी उम्र में भी जिंदगी के हर रंग को मर्लिन ने करीब से जाना। अपनी बिंदास अदाओं और मादक सौंदर्य के दम पर मर्लिन ने अपने आपको ऐसे ब्रांड में तब्दील कर लिया था कि आज भी उनकी बराबरी कोई नहीं कर पाया। दुनिया के हर कोने में मर्लिन के चाहने वालों की कमी नहीं है। मर्लिन की न तो कोई जयंती मनाई जाती है और न ही पुण्यतिथि। उसके बारे में मीडिया में समय-समय पर जानकारी तो आती रहती है। कभी उसके छायाचित्रों की नीलामी होती है तो कभी उसकी खूबसूरती के बारे में खबरें छपती हैं। मर्लिन की जिंदगी के कुछ चुनिंदा यादगार पलों और कुछ याद नहीं रखे जाने वाले पलों को हमने सँजोया है अपने पाठकों के लिए :
* मर्लिन को शापित अभिनेत्री कहा इसलिए जाता है क्योंकि बचपन से ही उनका जीवन अभावों में बीता। पिता के बारे में खुद मर्लिन का कहना था कि एडवर्ड मोर्टन्सेन उनके पिता नहीं थे। जबकि, आधिकारिक रूप से एडवर्ड मोर्टन्सेन को ही मर्लिन का पिता माना जाता है।
* मर्लिन की माँ ग्लेडेस की मानसिक हालात ठीक नहीं थी इस कारण उन्हें मर्लिन को एक अन्य दंपति के पास रखना पड़ा था। मर्लिन जैसे किसी भी मासूम बच्ची के लिए 7 वर्ष की उम्र में स्वयं को समझाना कितना मुश्किल काम होगा कि जिन्हें बचपन से वे माता-पिता कहते आ रहे हैं उनका संबंध अचानक ही अंकल और आँटी में बदल जाता है।
* मर्लिन जिनके घर रहती थी उन्हें वह जगह छोड़कर कहीं ओर जाना था। वे अपने साथ उसे नहीं ले जा पा रहे थे और वे यह भी नहीं चाहते थे कि मर्लिन को फिर अनाथालय में भी नहीं भेजना चाहते थे। उन्होंने पड़ोसियों से आग्रह किया कि उनके बेटे जेम्स का विवाह मर्लिन से कर दिया जाए और मर्लिन से छुटकारा पाने के लिए उसकी शादी कर दी गई।
* जब मर्लिन के पति मर्चेन्ट नेवी में चले गए तब द्वितीय विश्व युद्ध चल रहा था। मर्लिन और उसकी सास ने रेडियो प्लेन म्यूनिशियस फैक्टरी में काम किया और वहाँ हवाई जहाज के कलपुर्जों को पेंट किया और पैराशूट की जाँंच करने का काम किया था।
* यहीं पर आर्मी के फोटोग्राफर ने मर्लिन का फोटो लिया था जो कि यांक मैग्जिन के कवर पर प्रकाशित किया गया था। यहीं से उनके मॉडलिग करियर की शुरुआत हुई थी।
* 60 के दशक में मर्लिन की शराब पीने की आदत बढ़ गई। इसी दौरान उनका तलाक भी हो गया। 1962 में अमेरिकी राष्ट्रपति जॉन एफ. कैनेडी के जन्मदिन पर उन्होंने हेप्पी बर्थडे मिस्टर प्रेसीडेंट गाना गया था, जिसकी प्रशंसा खुद कैनेडी ने की थी।
* जानी-मानी अमेरिकी पत्रिका "टाइम" ने 16 जुलाई 1973 को दुनिया के 100 सर्वाधिक लोकप्रिय लोगों पर केंद्रित अंक निकाला था। इस अंक में मर्लिन मुनरो को भी शामिल किया गया था। मर्लिन को दुनिया की सबसे ज्यादा मादक महिला के रूप में इन 100 लोगों में जगह दी गई थी।
* 5 अगस्त 1962 को संदिग्ध हालात में मर्लिन की मौत हो गई। अमेरिका के जाने-माने मंचीय कॉमेडियन रिचर्ड बेल्जर का मानना है कि मर्लिन मुनरो की हत्या हुई थी। मौजूद तथ्य भी इस बात की पुष्टि करते हैं। बेल्जर जो पहले पुलिस विभाग में थे और वास्तविक जीवन में जासूसी का काम भी कर चुके हैं। वे अपने जासूसी वाले काम पर तीन किताबें भी लिख चुके हैं।