सफलता और अक्षय कुमार के बीच इस वर्ष 36 का आँकड़ा रहा। ‘ब्लू’, ‘कमबख्त इश्क’, ‘एट बाय टेन तस्वीर’ और ‘चाँदनी चौक टू चाइना’ जैसी फ्लॉप फिल्में उनके खाते में जमा हैं, जिनका नाम लेते ही अक्षय के मुँह का स्वाद खराब हो जाता है। अक्की की ख्वाहिश है कि 2009 के खत्म होने के पहले एक सफल फिल्म उनके नाम हो जाए ताकि इस वर्ष को याद रखने लायक कोई कारण उनके पास हो।
‘दे दना दन’ 27 नवंबर को प्रदर्शित हो रही है और अक्षय इस फिल्म को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं कि यह सफल होगी। वैसे तो इस वर्ष प्रदर्शित होने वाली अन्य फिल्मों के प्रति भी उनकी इसी तरह की धारणा थी, लेकिन ‘दे दना दन’ के पक्ष में कहने के लिए कुछ और बातें भी उनके पास हैं।
अक्षय फरमाते हैं कि निर्देशक प्रियदर्शन और उनकी साथ की गई फिल्म कभी फ्लॉप नहीं हुई है। साथ ही इसमें उनकी लकी हीरोइन कैटरीना कैफ भी हैं। अक्षय का कहना है कि इस फिल्म में वो सब कुछ है जो एक आम आदमी को पसंद आता है। कॉमेडी, डांस, गाने, खूबसूरत नायिकाएँ, उम्दा कहानी और तेज गति।
अक्षय को अपनी हर फिल्म पर हमेशा शत-प्रतिशत विश्वास रहा है और उम्मीद की जानी चाहिए कि ‘दे दना दन’ खिलाड़ी कुमार को दगा नहीं देगी।