आमिर खान यह मानकर बैठे हैं कि उनकी आगामी फिल्म ‘थ्री इडियट्स’ जो क्रिसमस पर रिलीज़ होने वाली है सुपरहिट साबित होगी। इसे आप आमिर का आत्मविश्वास भी कह सकते हैं।
सूत्रों के मुताबिक आमिर को इस फिल्म पर इतना भरोसा है कि उन्होंने इस फिल्म में काम करने के बदले में एक पैसा भी नहीं लिया है। वे अपना पैसा तब लेंगे जब फिल्म सफल साबित होगी। वे कितना पारिश्रमक लेंगे ये भी तय नहीं है। उनका सफलता में एक खास हिस्सा तय है। यानी फिल्म जितनी बड़ी हिट होगी उतनी ज्यादा रकम आमिर को मिलेगी।
इसे आप आमिर की स्मार्टनेस भी कह सकते हैं क्योंकि इस प्रकार से उन्हें ज्यादा धनराशि मिलने की संभावना रहेगी। अगर फिल्म फ्लॉप हो जाए तो आमिर को कुछ नहीं मिलेगा, लेकिन आमिर को इडियट्स पर पूरा भरोसा है। आमिर का अनुसरण करीना कपूर और आर.माधवन ने भी किया है। इन्हें भी सफलता में से अपना शेयर मिलेगा।
अक्षय कुमार को आमिर से इस मामले में कुछ सीखना चाहिए। अक्की इतना रुपया लेते हैं कि अच्छे व्यवसाय के बावजूद फिल्म फ्लॉप हो जाती है। ‘ब्लू’ इसका ताजा उदाहरण है।