आखिरकार नेता और अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने वो काम कर डाला, जो उन्होंने पिछले 40 वर्षों में नहीं किया था। रामगोपाल वर्मा की फिल्म ‘रक्त चरित्र’ के लिए उन्होंने अपनी मूँछ साफ कर ली है। इस निर्णय को लेने के पहले उन्होंने काफी सोच-विचार किया और जब उनकी बेटी सोनाक्षी ने उन्हें इस बात की इजाजत दी, तभी उन्होंने अपनी मूँछ को हाथ लगाया।
इस बारे में शत्रु कहते हैं ‘रामू ने जब मुझे मूँछ साफ करने को कहा तो मैं सोच में पड़ गया। जिंदगी में इसके पहले केवल एक बार ही मैंने अपनी मूँछ को साफ किया था। उस समय मैं फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया का विद्यार्थी था और अपने लुक के साथ प्रयोग कर रहा था।‘
अपनी बात आगे बढ़ाते हुए शत्रु कहते हैं ‘उस समय मेरे पिता ने जब मुझे बिना मूँछ के देखा था तो वे बेहद नाराज हुए थे। उन्होंने कहा कि तुम्हारे माता-पिता जीवित हैं तो तुमने ऐसा काम क्यों किया? उसके बाद मैंने कभी इस बारे में नहीं सोचा।‘
‘रक्त चरित्र’ में शत्रुघ्न सिन्हा, एनटी रामाराव की भूमिका निभा रहे हैं। इस फिल्म में वे अपनी चिर-परिचित संवाद अदायगी भी नहीं दोहराएँगे।