शाहरुख खान के प्रशंसकों के लिए खुशशबरी। शाहरुख खान के करियर की महत्वपूर्ण फिल्मों में से एक ‘माय नेम इज़ खान’ 12 फरवरी को प्रदर्शित होगी। इसे भारत के साथ अमेरिका, कनाडा, यूके, ऑस्ट्रेलिया सहित 40 देशों में प्रदर्शित किया जाएगा। इस बात की घोषणा फॉक्स स्टुडियो, 20 सेंचुरी फॉक्स इंटरनेशनल और फॉक्स सर्चलाइट पिक्चर्स ने की है।
करण जौहर द्वारा निर्मित और निर्देशित इस फिल्म में शाहरुख ने रिज़वान खान नामक युवक की भूमिका अदा की है। शाहरुख की नायिका की भूमिका काजोल ने निभाई है। शाहरुख इस फिल्म को लेकर बेहद उत्साहित हैं।
इसके पहले खबरों में बताया गया था कि इस फिल्म का प्रदर्शन मई तक टाल दिया गया है, लेकिन इस घोषणा के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई है।