मध्यप्रदेश के इन्दौर शहर में फिल्म फेडरेशन ऑफ इण्डिया और प्रदेश शासन के सहयोग से 9 से 15 अक्टोबर 2009 की अवधि में ग्लोबल सिनेमा फेस्टिवल का आयोजन हो रहा है। पिछले दिनों महाराष्ट्र के मँझले शहरों में इस तरह के सफल आयोजन हुए, जिससे साबित हुआ है कि विश्व सिनेमा में छोटे शहर के दर्शक भी रूचि लेने लगे हैं।
इन्दौर में फेस्टिवल के अंतर्गत विश्व सिनेमा की फिल्में दिखाई जाएँगी। विस्टा इंडिया के तहत भारतीय भाषा में बनी फिल्मों का प्रदर्शन होगा। ट्रिब्यूट सेक्शन के तहत शक्ति सामंत, तपन सिन्हा, डॉ. राजकुमार (कन्नड़) और नीलू फूले की चुनिंदा फिल्में दिखाई जाएँगी।
मास्टर्स डॉयरेक्टर खण्ड में विश्व सिनेमा के नौ और भारत के पाँच महान फिल्मकारों को शामिल किया गया है। अकीरा कुरोसावा (जापान), इंगमार बर्गमन (स्वीडन), क्रिस्टौफ किश्लोवस्की एवं रोमन पोलांस्की (पौलेंड), अल्फ्रेड हिचकॉक एवं रिचर्ड एटनबरो (ब्रिटेन), फ्रांसुआ त्रूफां (फ्रांस) और चार्ली चैप्लिन (यूएस) की क्लासिक फिल्मों का प्रदर्शन होगा।
भारत से सत्यजित रे, बिमल रॉय , गुरुदत्त, राजकपूर और वी. शांताराम की फिल्मों को दर्शक देख सकेंगे। फोकस के अंतर्गत जर्मनी की 13 फिल्मों को दिखाया जाएगा। सात दिनों तक चलने वाले इस समारोह में 225 फिल्मों का प्रदर्शन होगा। इस अवसर प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। समारोह का उद्घाटन 8 अक्टोबर को होगा और परेश मोकाशी की ऑस्कर के लिए नामित मराठी फिल्म ‘हरिश्चंद्र ची फैक्ट्री’ दिखाई जाएगी।